फतेहपुर में अढ़ावल पीपे पुल का हुक टूटने से आवागमन ठप,जान जोखिम में डालकर कर रहे सफर

Spread the love

रिजवान उददीन,फतेहपुर।
फतेहपुर में यमुना नदी पर बने अढ़ावल पीपे पुल में बड़ा हादसा टल गया.फतेहपुर, बांदा और हमीरपुर जिलों को जोड़ने वाले इस महत्वपूर्ण पीपे पुल में पीपों को जोड़ने वाले फ्रेम एंगल के तीन हुक टूट जाने से पुल के बीचो-बीच करीब दो मीटर का फासला हो गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। हादसे के बाद कुछ राहगीरों ने पुल पर पड़ी चादर को टूटे हिस्से पर रखकर जान जोखिम में डालकर आना-जाना शुरू कर दिया।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने फतेहपुर और बांदा दोनों ओर से पुल पर रस्सी लगवाकर आवागमन पूरी तरह बंद करा दिया, वहीं सेतु निगम बांदा के ठेकेदार द्वारा मजदूरों को लगाकर पीपे पुल की मरम्मत का कार्य तत्काल शुरू करा दिया गया है.

आपको बता दें, अढ़ावल पीपे पुल से फतेहपुर, बांदा और हमीरपुर जनपद के हजारों लोगों का रोजाना आवागमन होता है. पुल बंद होने से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा. चार पहिया और दो पहिया वाहन चालकों को चिल्ला पुल होकर लंबा रास्ता तय करना पड़ा, जबकि आसपास के गांवों के लोगों ने यमुना नदी पार करने के लिए नावों का सहारा लिया.

इधर बांदा जनपद के पैलानी, सबहदा, महबरा, बड़ागांव सहित कई गांवों के ग्रामीणों ने सेतु निगम बांदा के ठेकेदार पर गंभीर आरोप लगाए हैं. ग्रामीणों का कहना है कि पीपे पुल के निर्माण में मानकों की अनदेखी की गई और सड़ी-कमजोर लकड़ी व घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया, जिसकी वजह से पुल में यह खतरनाक स्थिति बनी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *