रिजवान उददीन,फतेहपुर।
फतेहपुर जनपद के सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र में सोमवार शाम एक कार और मोटरसाइकिल की भीषण टक्कर हो गई. मोहम्मदपुर गौती मोड़ पर हुए इस हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्रेमनगर कस्बे की ओर से कौशांबी जा रही एक तेज रफ्तार कार शाम करीब 4 बजे सामने से आ रही मोटरसाइकिल से टकरा गई.
मोटरसाइकिल पर दो लोग सवार थे. टक्कर इतनी जोरदार थी कि मोटरसाइकिल का इंजन फट गया और कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.
हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को एक निजी अस्पताल ले जाया गया। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें कौशांबी जनपद के कड़ा कस्बे स्थित अस्पताल में रेफर कर दिया गया.
समाचार लिखे जाने तक घायलों के नाम और पते की पूरी जानकारी नहीं मिल पाई है. मिली जानकारी के मुताबिक, मोटरसाइकिल चालक गौती के निवासी थे और अफोई की तरफ से अपने घर लौट रहे थे. वहीं, कार चालक कानपुर से कड़ाधाम कोतवाली के दौलतपुर गांव जा रहा था.
सुल्तानपुर घोष थाना प्रभारी तेज बहादुर सिंह ने बताया कि उन्हें गौती मोड़ के पास कार और मोटरसाइकिल की भिड़ंत की सूचना मिली थी. हालांकि, मौके पर कोई घायल नहीं मिला. उन्होंने पुष्टि की कि घायलों को कौशांबी जनपद के अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनके नाम व पते की जानकारी जुटाई जा रही है.

थाना प्रभारी ने यह भी बताया कि इस मामले में तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी. फिलहाल, दोनों पक्षों की ओर से पुलिस को कोई तहरीर या घटना से संबंधित जानकारी नहीं दी गई है.
















Leave a Reply