UP के फतेहपुर जिले से पुलिस विभाग में तैनात मुख्य आरक्षी विजय कुमार यादव पिछले 35 दिनों से लापता हैं. उनकी तलाश में पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है. फतेहपुर पुलिस अधीक्षक ने लापता आरक्षी के बारे में जानकारी देने वाले को 25 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है. रविवार के दिन सुबह फोटो जारी किया गया है.
थाना प्रभारी श्याम सुंदर श्रीवास्तव ने बताया कि मुख्य आरक्षी विजय कुमार यादव (पुत्र शंभूनाथ यादव, निवासी उमराही, पोस्ट शिवगढ़ सौरांव, जनपद प्रयागराज) की उम्र लगभग 39 वर्ष है. वह पुलिस लाइन फतेहपुर में तैनात थे. उनकी गुमशुदगी थाना राधानगर में दर्ज की गई है. विजय कुमार यादव को अंतिम बार 12 जुलाई 2026 की शाम करीब 7:30 बजे फतेहपुर रेलवे स्टेशन पर देखा गया था. इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल सका है. पुलिस ने उनकी तलाश के लिए काफी प्रयास किए हैं, लेकिन अभी तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है.
लापता आरक्षी का पोस्टर जारी: पुलिस ने जिले के सभी थानों और चौकियों के साथ आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि विजय कुमार यादव के संबंध में किसी प्रकार की जानकारी मिलती है तो तत्काल थाना राधानगर पुलिस को सूचित करें. पुलिस ने लापता आरक्षी का पोस्टर भी जारी किया है. जारी पोस्टर के अनुसार, विजय कुमार यादव का हुलिया गेहुआं रंग, मजबूत शरीर, लंबा चेहरा और लंबाई लगभग पांच फुट आठ इंच है. उनकी उम्र लगभग 39 वर्ष बताई गई है.
सूचना देने के लिए क्षेत्राधिकारी थरियांव दुर्गेश दीप के मोबाइल नंबर 9454401290 और प्रभारी निरीक्षक थाना राधानगर श्याम सुंदर श्रीवास्तव के मोबाइल नंबर 9454403358 पर संपर्क किया जा सकता है. पुलिस ने आश्वासन दिया है कि सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी.
















Leave a Reply