रिजवान उददीन,फतेहपुर।
UP के फतेहपुर जिला से एक बेहद दुखद और सनसनीखेज मामला सामने आया है. गाजीपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत दरौली मोड़ के पास नहर में एक बुजुर्ग का क्षत-विक्षत शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया. स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस व फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. घटनास्थल से सल्फास की एक पुड़िया और पानी की एक बोतल भी बरामद की गई है.
शव की हालत अत्यंत खराब बताई जा रही है, जहां मुंह और पैरों के हिस्से जंगली जानवरों द्वारा नोचे जाने के जैसे निशान मिले हैं. साथ ही शरीर पर कई घाव भी दिखाई दे रहे हैं. मृतक की पहचान केशव शरण शुक्ला (उम्र लगभग 71 वर्ष) के रूप में हुई है जो ललौली थाना क्षेत्र के सिधाव गांव के निवासी बताए जा रहे हैं.
परिजनों के अनुसार मृतक मंगलवार को करीब 11 बजे दिन में घर से बिना बताए निकल गए थे. देर शाम तक घर वापस न लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की, लेकिन कहीं कोई जानकारी नहीं मिल सकी. इसके बाद ललौली थाने में गुमशुदगी की सूचना दर्ज कराई गई थी. मृतक के पुत्र अंकित शुक्ला जो मजदूरी के सिलसिले में कानपुर में रहते हैं. उसने वायरल तस्वीर देखने के बाद शव की पहचान अपने पिता के रूप में की. उन्होंने बताया कि उनके पिता दो नातियों के साथ गांव में रहते थे और पिछले कुछ समय से उनकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं चल रही थी. और हमारी किसी से कोई रंजिश नहीं थी.
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मौके से मिली सल्फास की पुड़िया को देखते हुए पुलिस आत्महत्या की आशंका समेत सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा.
















Leave a Reply