अमित शाह मानहानि केस में राहुल गांधी का आरोपों से इनकार, सुल्तानपुर में मोची के परिवार से फिर मिले

Spread the love

गृह मंत्री अमित शाह पर टिप्पणी के मामले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी शुक्रवार को यूपी में सुल्तानपुर की MP/MLA कोर्ट में पेश हुए. उनके वकील के मुताबिक, राहुल ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों से इनकार किया. उन्होंने कहा कि यह केस राजनीतिक दुर्भावना के तहत दर्ज कराया गया है. इसमें कोई ठोस आधार नहीं है.

पेशी के दौरान मौजूद वकीलों के अनुसार, कोर्ट पहुंचने पर राहुल ने जज को हाथ जोड़कर प्रणाम किया. सुनवाई पूरी होने पर धन्यवाद भी कहा. जज ने राहुल से पूछा कि क्या आपको सफाई देनी है? इस पर राहुल ने कहा–हां. राहुल करीब 20 मिनट तक कोर्ट में रहे.

मामले की अगली सुनवाई 9 मार्च को होगी.

कोर्ट से निकलने के बाद राहुल रामचेत मोची की दुकान पहुंचे और उनके परिवार से मुलाकात की. राहुल ने मोची की पोती श्रद्धा को गोद में लिया. उसके पैर में चोट देखकर उन्होंने पूछा कि क्या हुआ.

परिवार ने बताया कि चोट ठीक नहीं हो रही है। इस पर राहुल ने यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय से बच्ची के इलाज की बात कही. रामचेत मोची की तीन महीने पहले कैंसर से मौत हो गई थी. डेढ़ साल पहले राहुल गांधी ने उनकी दुकान पर बैठकर जूते सिले थे. बाद में उन्होंने रामचेत को सिलाई मशीन भी भेजी थी.

शुक्रवार सुबह राहुल दिल्ली से लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचे और वहां से कार से कोर्ट पहुंचे. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने माला पहनाने की कोशिश की, लेकिन राहुल ने मना कर दिया. कोर्ट से बाहर निकलने पर उनके समर्थकों की भारी भीड़ पहुंच गई थी. इसके चलते सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें दूसरे गेट से बाहर निकाला.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *