मुजफ्फरनगर में डंपर से टकरा हाईवे से नीचे गिरी स्कॉर्पियो, 4 की मौत; बर्थडे से लौट रहा था परिवार

Spread the love

UP के मुजफ्फरनगर में कारोबारी, उनकी 2 बहनों और भांजी की सड़क हादसे में मौत हो गई. मां, पत्नी और दूसरी भांजी की हालत गंभीर है. कारोबारी हरिद्वार में अपने मौसा का 75वां जन्मदिन मनाकर लौट रहे थे. तभी सामने से आ रहे डंपर ने स्कॉर्पियो को टक्कर मार दी.

इसके बाद स्कॉर्पियो बेकाबू होकर हाईवे से करीब 20 फीट नीचे गिर गई. डंपर भी पलट गया. ड्राइवर कूदकर भाग गया. हादसा सोमवार रात 11 बजे जिला मुख्यालय से 40 किमी दूर पुरकाजी थाना क्षेत्र में हुआ. चीख-पुकार सुनकर राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने स्कॉर्पियो का दरवाजा तोड़कर सभी को बाहर निकाला और सीएचसी पहुंचाया. डॉक्टरों ने 4 लोगों को मृत घोषित कर दिया.

मृतकों की पहचान कारोबारी आदेश गोयल (45) उनकी बहनों में निशा (36) राखी (30) और निशा की 14 साल की बेटी श्रद्धा के रूप में हुई है. हादसे में आदेश की मां कुसुम देवी (65), पत्नी रूबी और राखी की बेटी वैष्णवी घायल हैं.

आदेश गोयल जिला मुख्यालय से 3 किलोमीटर दूर हरीनगर मोहल्ले के रहने वाले थे. वह स्क्रैप के कारोबार के साथ प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते थे. सोमवार को वह पत्नी रूबी, मां कुसुम देवी, बहन निशा, उसकी 14 साल की बेटी श्रद्धा, छोटी बहन राखी और उसकी 7 साल की बेटी वैष्णवी के साथ स्कॉर्पियो से हरिद्वार गए थे.

परिवार के लोग वहां मौसा राधेश्याम के 75वें जन्मदिन की पार्टी में शामिल हुए. कार्यक्रम खत्म होने के बाद सोमवार रात करीब 11 बजे सभी मुजफ्फरनगर लौट रहे थे. पुरकाजी-लक्सर स्टेट हाईवे पर सोलानी नदी पुल के पास उनकी स्कॉर्पियो डंपर से टकरा गई. इसके बाद स्कॉर्पियो पलटती हुई हाईवे से नीचे खेत में जा गिरी.

चीख-पुकार सुनकर राहगीर मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। हादसे के बाद खेत में पानी भरा होने के कारण पुलिस को रेस्क्यू ऑपरेशन में दिक्कत हुई. पुलिसकर्मी ग्रामीणों के साथ खाई में उतरे. करीब 30-35 मिनट तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सभी लोगों को बाहर निकाला.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *