बाराबंकी में बार-बार सेल्फी लेने पर भड़का दूल्हा, स्टेज पर दुल्हन को मारी लात; भिड़े घराती-बाराती

Spread the love

UP के बाराबंकी जिले में एक शादी समारोह के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब जयमाल मंच पर सेल्फी को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट और तोड़फोड़ में बदल गया. घटना रामनगर थाना क्षेत्र के गणेशपुर कस्बे की है, जहां शुक्रवार देर रात करीब एक बजे दूल्हे और दुल्हन पक्ष के बीच जमकर बवाल हुआ. जानकारी के मुताबिक गणेशपुर निवासी एक मूर्तिकार ने अपनी बेटी की शादी बहराइच जिले के एक युवक से तय की थी. युवक टाइल्स लगाने का काम करता है. 20 फरवरी की रात बारात बैंड-बाजे के साथ पूरे धूमधाम से पहुंची. द्वारपूजा और स्वागत की रस्में हंसी-खुशी के माहौल में संपन्न हुईं। इसके बाद जयमाल की तैयारी शुरू हुई. दूल्हा सेहरा बांधकर स्टेज पर पहुंचा और कुछ देर बाद दुल्हन भी जयमाल के लिए मंच पर आई.

बार-बार सेल्फी पर भड़का पति: प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्टेज पर मौजूद कुछ लोग दूल्हे के साथ लगातार सेल्फी लेने लगे. दूल्हे ने कई बार मना किया, लेकिन लोग नहीं माने. इसी बात पर वह नाराज हो गया और कथित रूप से दुल्हन को लात मार दी. दुल्हन के पिता ने हाथ जोड़कर समझाने की कोशिश की तो उनके साथ भी धक्का-मुक्की की गई और उन्हें स्टेज से नीचे धकेल दिया गया. इस घटना के बाद माहौल अचानक बिगड़ गया.

घराती और बाराती आमने-सामने आ गए: देखते ही देखते दोनों पक्षों में हाथापाई शुरू हो गई. कुर्सियां फेंकी गईं और टेंट में लगे लोहे के पाइप तक चलने लगे। करीब दस से पंद्रह मिनट तक जमकर मारपीट होती रही. कई लोगों को चोटें आईं. दुल्हन पक्ष के मामा, चाचा और चचेरे भाई घायल हुए, जबकि दूल्हे के बहनोई का सिर फट गया और उसकी बहन भी गंभीर रूप से घायल हो गई.

शादी में भिड़े घराती-बराती: ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराया और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया. घटना के बाद पूर्व प्रधान दीपचंद शिल्पकार की मौजूदगी में करीब डेढ़ घंटे तक पंचायत चली. पंचायत में तय हुआ कि टूटी कुर्सियों और अन्य सामान का कुल नुकसान पांच हजार रुपये है, जिसे दोनों पक्षों ने बराबर-बराबर वहन करने पर सहमति जताई.

दुल्हन और उसके पिता का आरोप है कि दूल्हा नशे में था और बिना किसी उकसावे के मारपीट शुरू कर दी. वहीं दूल्हे का कहना है कि स्टेज पर मौजूद लोगों ने विवाद शुरू किया और उस पर शराब पीने का झूठा आरोप लगाया. आखिरकार समझौते के बाद सुबह करीब चार बजे से शादी की बाकी रस्में पूरी कराई गईं. पुलिस का कहना है कि फिलहाल दोनों पक्षों में आपसी सहमति बन गई है, लेकिन यदि किसी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत दी जाती है तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *