कासगंज में पति-पत्नी और 3 बच्चों के शव मिलने से सनसनी, 3 दिन से बंद था मकान

Spread the love

UP के कासगंज में परिवार के 5 लोगों के शव बंद मकान में मिले. मृतकों में पति-पत्नी, 2 बेटियां और बेटा शामिल है. मकान 3 दिन से बंद बताया जा रहा है. 3 दिन तक कोई हलचल नहीं होने पर पड़ोसियों को शक हुआ.

इसके बाद शनिवार शाम को पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस ने घर पहुंचकर ताला तोड़ा. अंदर देखा तो 4 शव पड़े हुए थे, जबकि पति का शव फंदे से लटक रहा था. मामला अमापुर थाना क्षेत्र का है. मृतकों की पहचान वेल्डिंग का काम करने वाले श्यामवीर (50) ने उनकी पत्नी शीला (48), बेटी आकांक्षा (10) प्राची (12) और बेटे ग्रीस (8) के रूप में हुई है.

शुरुआती जांच-पड़ताल में सामूहिक आत्महत्या करने की बात सामने आ रही है. पुलिस को शक है कि पति ने पहले परिवार को जहरीला पदार्थ खिलाया, फिर खुद फंदे से लटककर जान दे दी. पत्नी के गले पर घाव के निशान हैं। पुलिस घटना के कारणों का पता लगा रही है.

3 एंबुलेंस से शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया.

पुलिस दरवाजा फांदकर अंदर घुसी: श्यामवीर (50) पहले अमापुर कस्बे में 3 लोगों के साथ पार्टनरशिप में वेल्डिंग की दुकान चलाता था. पार्टनर अलग होने के बाद 5-6 साल पहले उसने गुप्ता एजेंसी पेट्रोल पंप के पीछे स्थित अपने घर में ही वेल्डिंग की दुकान खोल ली थी.

घर के बाहरी हिस्से में दुकान थी और अंदर वह परिवार के साथ रहता था. उसके घर से करीब 5 किलोमीटर दूर नगला भोजला में श्यामवीर के पिता नेम सिंह रहते हैं. वह गांव में ही चक्की चलाते हैं. पड़ोसियों ने बताया- मकान दो-तीन दिन से बंद था. इसके बाद हम लोगों ने पुलिस को सूचना दी.

एसपी अंकिता शर्मा ने बताया कि शाम साढ़े 6 बजे पुलिस को सूचना मिली कि श्यामवीर का परिवार 3 दिन से बाहर नहीं आया. पुलिस घर में जाली के लगे दरवाजे को फांदकर घर के अंदर घुसी. खिड़की से झांककर देखा तो श्यामवीर का शव फंदे से लटक रहा था. इसके बाद दरवाजा तोड़कर शवों को बाहर निकाला गया.

एक घर से 5 शव मिलने की बात पता चलते ही मौके पर भीड़ लग गई.

SP ने कहा- घर में किसी के घुसने के निशान नहीं: घटना की सूचना मिलते ही डीएम प्रणय सिंह, एसपी अंकिता शर्मा और भाजपा विधायक हरिओम वर्मा भी पहुंचे. अलीगढ़ मंडल के DIG प्रभाकर चौधरी भी कासगंज पहुंचे. उन्होंने घटना स्थल का निरीक्षण किया.

DIG ने कहा, ‘स्थानीय लोग घटना के पीछे आर्थिक तंगी की वजह बता रहे हैं. इस एंगल पर भी पुलिस जांच कर रही है. एसपी ने कहा कि घर में किसी के घुसने के कोई निशान नहीं हैं. मौके पर डॉग स्क्वॉड और फोरेंसिक टीम ने जांच की. कई सैंपल लिए गए हैं. पूरे घटनास्थल का वीडियोग्राफी हुई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *