UP के फिरोजाबाद में एक शादी समारोह के दौरान नशेबाजों की हरकतों को लेकर कन्या और वर पक्ष में ही मारपीट हो गई. किसी को पता नहीं चला कि शराबी किस पक्ष से हैं और एक-दूसरे से भिड़ गए. मारपीट के दौरान कुर्सियां फेंकने लगें. किसी ने सब्जी फेंकी तो कोई पूड़ियों की कड़ाही का तेल फेंकने लगा. सोमवार को इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. हालांकि पुलिस के पहुंचने के बाद दोनों पक्षों में राजीनामा हो गया था और मैरिज होम संचालक को नुकसान की भरवाई करनी पड़ी.
घटना थाना टूंडला क्षेत्र के राजा का ताल के बीएस पैलेस की है. मैरिज होम में शनिवार की देर रात विजय दिवाकर की बेटी राखी का राजा का ताल की शादी का जश्न चल रहा था. टूंडला का अनिल कुमार बारात लेकर देर रात करीब 10 बजे मैरिज होम में पहुंचा. घराती पक्ष ने आने वाले घरातियों और बारातियों के मनोरंजन के लिए रंगशाला की पार्टी को बुक किया था. एक स्टेज बनाकर युवकों द्वारा धार्मिक प्रस्तुतियां दी जा रही थीं. इसी बीच बारातियों में से कुछ युवक नशे की हालत में स्टेज के पास पहुंचे. कलाकारों की प्रस्तुतियों का कुर्सियों पर महिलाएं, बच्चे, बुजुर्ग और घराती बाराती लुत्फ उठा रहे थे. इसी बीच नशेबाज जबरन मंच पर चढ़कर कलाकारों के साथ डांस करने की जिद करने लगे. लोगों ने युवकों को रोका और जबरन मंच से नीचे उतार दिया. खुद की बेइज्जती होते देख नशेबाजों की मंडली ने उत्पात मचाना शुरू कर दिया. पहले कुर्सियों को फेंककर कलाकारों की प्रस्तुतियों को बंद कराया और फिर लोगों ने उसको समारोह से हटाने की कोशिश की तो कुर्सियों को फेंककर हंगामा कर दिया.
एक-दूसरे से ही भिड़ गए घराती-बराती: उत्पात के दौरान घराती और बरातियों को यह समझ में नहीं आया कि झगड़ा किन के बीच में हो रहा है. विवाद सुलझाने के दौरान एक दूसरे से कहासुनी और मारपीट ऐसी बढ़ी कि जिसके हाथ जो आया उसकी पिटाई करने लगा. किसी ने कुर्सियों को फेंका और तोड़ना शुरू कर दिया तो कोई सब्जियों की बाल्टी को लाकर सब्जी फेंकने लगा। मारपीट के दौरान एक दूसरे से बचने के लिए कुछ युवकों ने पूड़ी बनाने वाले की कड़ाही को घेर लिया और हमलावरों पर चमचों से गर्म तेल फेंकना शुरू कर दिया जिससे कई लोग झुलस गए.
दोनों पक्षों में समझौता, नुकसान की भरपाई की: दुल्हन राखी और दूल्हा अनिल कुमार की रस्मों को तेजी से कराया. जो खाना बचा था उससे रिश्तेदारों को भोजन कराया. हमलावर दोबारा न आ जाएं. दोनों पक्षों में अलसुबह तक इसकी दहशत बनी रही. दुल्हन और दूल्हा की विदाई के बाद दोनों पक्षों ने राहत की सांस ली. रविवार की सुबह दोनों पक्षों में पंचायत हुई। देर रात पुलिस को भी कार्रवाई नहीं कराने की लिखित तहरीर दी थी. मैरिज होम संचालक की टूटी दर्जनों कुर्सियों और अन्य नुकसान की भरपाई की गई इसके बाद दोनों पक्ष मैरिजहोम से दोपहर में चले गए.
महिलाएं, युवक बच्चों को लेकर भागने लगे: मैरिज होम के अंदर करीब दो घंटे तक हंगामा होने के चलते बराती और रिश्तेदारों में से अधिकांश ने खुद को बचाने के लिए मैरिज होम से बाहर जाना बेहतर समझा. बिना खाना खाए ही तमाम रिश्तेदार और बराती भाग गए. महिलाएं अपने बच्चों को लेकर चीखती हुई मैरिज होम से निकलकर भागीं.
















Leave a Reply