मेरठ में कपड़ा कारोबारी के परिवार के 6 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई. इनमें जुड़वां बेटियों समेत 5 बच्चे हैं. कारोबारी पिता सोमवार देर शाम नमाज पढ़ने गए थे, तभी तीन मंजिला मकान में भीषण आग लग गई. उस वक्त घर में महिलाएं, बच्चों समेत 12 लोग थे.
ग्राउंड फ्लोर में लगी आग इतनी तेजी से फैली की किसी को बाहर निकलने का वक्त ही नहीं मिला. सभी लपटों के बीच अंदर फंस गए. पड़ोसियों ने तुरंत फर्स्ट फ्लोर में फंसे 5 लोगों को सीढ़ी लगाकर बाहर निकाल लिया.
लेकिन, सेकंड फ्लोर में एक महिला और 5 बच्चे फंस गए. आग-धुआं देखकर महिला डर गई, उसने बचने के लिए सभी बच्चों के साथ खुद को कमरे में बंद कर लिया. थोड़ी देर में पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची.
आग के बीच सेकंड फ्लोर तक पहुंचने को कोई रास्ता नहीं मिला तो पड़ोसी की दीवार तोड़ी गई लेकिन, इतनी देर में महिला और 5 बच्चों की मौत हो गई. हादसे में कपड़ा कारोबारी आसिम की पत्नी रुखसार (30), जुड़वा बेटियां अनाबिया, इनायत (6 माह) अकदस (3 साल) और भाई फारुक के दो बच्चे महविश (12), हम्माद (4 साल) की मौत हो गई.

अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) सुरेंद्र सिंह ने बताया- “आग पर काबू पा लिया गया है. आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है.”
मौके पर लोगों की भारी भीड़ लगी थी. डीएम और एसपी भी मौके पर पहुंच गए थे. पिता का रो-रोकर बुरा हाल. मकान मालिक इकबाल मस्जिद में थे, जब उनके मकान में आग लगी. शोर मचने पर वे भी मौके पर पहुंचे. वे फूट-फूटकर रोने लगे. लोगों ने उन्हें ढांढस बंधाया. इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है.
इकबाल कपड़े तैयार कराते हैं. ऑर्डर पर और दूसरे शहरों में लगने वाली एग्जिबिशन में उन्हें सेल करते हैं. घर में बड़ी मात्रा में कपड़ा मौजूद था. सिवाल खास के विधायक गुलाम मोहम्मद भी अस्पताल पहुंचे. डीएम वीके सिंह, एसएसपी अविनाश पांडे, डीआईजी कलानिधि नैथानी, एसपी क्राइम अवनीश कुमार भी अस्पताल में मौजूद रहे. कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष रंजन शर्मा भी अस्पताल पहुंचे.
















Leave a Reply