बगदाद में अमेरिकी एंबेसी पर बड़ा अटैक, हवाई हमले के बाद बजने लगे सायरन

Spread the love

इराक़ की राजधानी बगदाद में अमेरिकी एंबेसी पर बड़े अटैक की खबर आ रही है. एसोसिएटेड प्रेस न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक इराकी अधिकारियों का कहना है कि बगदाद में अमेरिकी दूतावास के हेलीपैड पर एक मिसाइल गिरी है.अल जजीरा के मुताबिक बगदाद में अमेरिकी दूतावास से धुआं उठता देखा गया है, जिसके बाद हवाई हमले के सायरन भी बजने लगे.

इधर कतर के गृह मंत्रालय ने एक अपडेट जारी करते हुए बताया है कि आज रात पहले जारी किए गए अस्थायी एहतियाती निकासी के उपाय केवल उन खास इलाकों में रहने वाले लोगों पर लागू होते हैं, जिन्हें नेशनल अलर्ट सिस्टम के ज़रिए सूचना मिली है. मंत्रालय ने कहा, प्रभावित लोगों के लिए सुरक्षित वैकल्पिक आवास की व्यवस्था की गई है, जबकि कुछ लोगों ने सुरक्षा का खतरा टलने तक अपनी पसंद की सुरक्षित जगहों पर जाने का फैसला किया है.

खार्ग द्वीप से घना धुआं उठता दिखा लेकिन ईरान की सेना सुरक्षित: रिपोर्ट
खबर है कि ईरान की फार्स न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक ईरान के खार्ग द्वीप से घना धुआं उठता देखा गया है. हालांकि ट्रंप के इस दावे के बावजूद कि अमेरिका ने द्वीप पर मौजूद सैन्य ठिकानों को पूरी तरह तबाह कर दिया है, ईरानी सेनाएं वहां से अपना काम जारी रखे हुए हैं. फार्स की रिपोर्ट में कहा गया है,’खार्ग पर हुए हमलों के ठीक एक घंटे के अंदर द्वीप पर डिफेंस सिस्टम के फिर से एक्टिव हो जाने से ट्रंप का दावा गलत साबित हो गया.’ फार्स ने जमीनी सूत्रों के हवाले से यह भी बताया कि हमलों के दौरान द्वीप पर 15 से ज्यादा धमाकों की आवाजें सुनी गईं. सूत्रों ने बताया कि इन हमलों में तेल से जुड़े किसी भी बुनियादी ढांचे को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है.

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को कहा कि ईरान की पूरे मिडिल ईस्ट पर दबदबा बनाने और इजरायल को तबाह करने की महत्वाकांक्षाएं थीं लेकिन उन्होंने दावा किया कि वे योजनाएं अब खत्म हो चुकी हैं. ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में ट्रंप ने कहा,’ईरान की पूरे मिडिल ईस्ट पर कब्जा करने और इजरायल को पूरी तरह से मिटा देने की योजनाएं थीं, ठीक ईरान की तरह ही, वे योजनाएं भी अब खत्म हो चुकी हैं.’

इससे पहले ट्रंप ने कहा था कि यूनाइटेड स्टेट्स सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने ईरान के खर्ग द्वीप पर मौजूद मिलिट्री ठिकानों पर एक जबरदस्त बमबारी की थी और दावा किया कि इस ऑपरेशन ने द्वीप पर मौजूद हर मिलिट्री साइट को पूरी तरह से तबाह कर दिया. ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में उन्होंने कहा कि यह हमला उनके आदेश पर किया गया था और जोर देकर कहा कि यह इस इलाके के इतिहास में की गई सबसे जबरदस्त बमबारी में से एक था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *