कानपुर के गोविंदनगर में व्यापारी संगठन के पूर्व और वर्तमान पदाधिकारियों के बीच विवाद सुलझाने विद्यार्थी मार्केट पहुंचे भाजपा विधायक महेश त्रिवेदी का गुस्सा फूट पड़ा. उन्होंने चेतावनी दी कि ‘किसी ने गाली बकी तो मुंह में जूता घुसेड़ देंगे… इतना बाराहां कौन हो गया कि जो गाली देगा. किसी के भी माई के लाल का हाथ हो, उसकी ऐसी की तैसी. पाप बढ़ने नहीं देंगे.’ उन्होंने यह भी कहा कि न्याय को दबाने की कोशिश की तो बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. ऑपरेशन थिएटर चालू हो जाएगा। विधायक की इस चेतावनी का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
विधायक त्रिवेदी सोमवार रात करीब 8 बजे वह गोविंद नगर की विद्यार्थी मार्केट में दो दुकानदारों के बीच विवाद सुलझाने पहुंचे थे. इस दौरान गाली-गलौज और धमकी की जानकारी मिलने पर वह नाराज हो गए. उन्होंने व्यापारियों को मिल-जुलकर रहने और बाजार में ईमानदारी से कारोबार करने की नसीहत दी. साथ ही कहा कि बाजार में गलत काम करने वालों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
बातचीत के दौरान उन्होंने पहले दोनों पक्षों को समझाते हुए हिंदू-मुस्लिम एकता की बात कही. हालांकि, मामला बढ़ने पर वह पूर्व पदाधिकारियों पर तीखे शब्दों में बरस पड़े. उन्होंने कहा कि किसी को भी मनमानी कर माहौल बिगाड़ने की छूट नहीं दी जाएगी. सख्त लहजे में चेतावनी दी कि किसी ने न्याय को दबाने की कोशिश की बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने चुनौती भरे अंदाज में कहा कि किसी के प्रभाव में आकर न्याय की आवाज को दबने नहीं दिया जाएगा.
विधायक के इन तीखे बयानों के बाद व्यापारी संगठन के विवाद ने तूल पकड़ लिया. 2 मिनट 47 सेकंड के वायरल वीडियो में नजर आ रहा कि विधायक व्यापारियों के बीच में बैठे हैं. भाजपा विधायक महेश त्रिवेदी ने बताया कि विद्यार्थी मार्केट के कुछ लोग शिकायत लेकर आए थे. उनकी पीड़ा अधिक थी, इस वजह से उनके अधिकार और स्वाभिमान के लिए यह शब्द कहा है. जो अपशब्द बोले थे, उनके लिए यह कहा है.
















Leave a Reply