तमिलनाडु में भाजपा ने खेला बड़ा दांव, एक्टर विजय को 80 सीटें और डिप्टी CM पद का ऑफर

Spread the love

तमिलनाडु की राजनीति में ‘सिनेमा’ और ‘सियासत’ का हमेशा से गहरा नाता रहा है. अब इस कड़ी में एक नया अध्याय जुड़ता दिख रहा है. बीजेपी ने राज्य की सत्ता में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी TVK को गठबंधन का खुला ऑफर दिया है. सूत्रों का दावा है कि बीजेपी ने विजय के सामने उपमुख्यमंत्री पद का प्रस्ताव रखा है. इंडिया टुडे ने अपनी एक रिपोर्ट में बीजेपी के आंतरिक सूत्रों के हवाले से कहा है कि पार्टी ने गठबंधन के तहत TVK को 80 सीटें देने की पेशकश की है. बीजेपी आलाकमान का मानना है कि यदि विजय के प्रशंसकों का वोट एनडीए (NDA) के साथ जुड़ जाता है, तो राज्य के चुनावी नतीजे पूरी तरह पलट सकते हैं.

बीजेपी रणनीतिकारों का आकलन है कि तमिलनाडु के कड़े मुकाबले में महज 2 प्रतिशत वोटों का अंतर भी जीत और हार की दिशा बदल सकता है. विजय की जबरदस्त लोकप्रियता को देखते हुए बीजेपी उन्हें अपने पाले में लाने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा रही है.

पर्दे के पीछे की बातचीत बताया जा रहा है कि इस गठबंधन के लिए एक दूसरे राज्य के उपमुख्यमंत्री मध्यस्थ की भूमिका निभा रहे हैं, जो विजय के साथ संवाद का रास्ता साफ कर रहे हैं. बीजेपी ने भले ही उपमुख्यमंत्री पद और 80 सीटों का ऑफर दिया हो, लेकिन अभिनेता विजय की नजर मुख्यमंत्री की कुर्सी पर टिकी है. राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि विजय अपनी पहली ही चुनावी पारी में मुख्य भूमिका निभाना चाहते हैं, जो वर्तमान बातचीत में सबसे बड़ा ‘स्पीड ब्रेकर’ बना हुआ है.

विजय के खेमे में उहापोह की स्थिति वहीं, विजय के करीबी सलाहकारों के बीच इस गठबंधन को लेकर चिंताएं भी हैं. विजय ने अपनी राजनीति की शुरुआत एक ‘तीसरे विकल्प’ और स्वतंत्र ताकत के रूप में की है. सलाहकारों का मानना है कि इतनी जल्दी किसी राष्ट्रीय गठबंधन (NDA) का हिस्सा बनने से उनकी नई और अलग राजनीति की छवि धूमिल हो सकती है.

तमिलनाडु की राजनीति पर क्या होगा असर? अगर यह गठबंधन हकीकत में बदलता है, तो राज्य में मुख्य मुकाबला त्रिकोणीय या एक नए ध्रुवीकरण की ओर बढ़ सकता है. अब तक राज्य की राजनीति द्रमुक (DMK) और अन्नाद्रमुक (AIADMK) के इर्द-गिर्द घूमती रही है। विजय और बीजेपी का साथ आना इन दोनों स्थापित क्षेत्रीय दलों के लिए एक बड़ी चुनौती पेश कर सकता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *