हरियाणा, बिहार और ओडिशा की 11 राज्यसभा सीटों के लिए मतदान सोमवार (16 मार्च) को शाम 5 बजे समाप्त हो गया है. मतदान के बाद वोटों की गिनती की जा रही है. मतगणना के बीच बिहार में सभी पांच राज्यसभा सीटों के परिणाम सामने आ गए हैं. बिहार की पांचों राज्यसभा सीटों पर एनडीए के प्रत्याशियों की जीत हुई है. बिहार में जिन एनडीए प्रत्याशियों की इस चुनाव में जीत हुई है, उनमें नीतीश कुमार, रामनाथ ठाकुर, नितिन नबीन, उपेंद्र कुशवाहा, शिवेश कुमार शामिल हैं.
जिन सीटों पर वोटिंग हो रही है उनमें बिहार (5 सीटें), ओडिशा (4 सीटें) और हरियाणा (2 सीटें) शामिल हैं. बिहार की 5 सीटों के लिए 6 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिससे मुकाबला बेहद दिलचस्प हो गया है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (JDU), केंद्रीय राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर (JDU), बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, और शिवेश कुमार (BJP) की जीत लगभग तय मानी जा रही है. पांचवी सीट के लिए एनडीए समर्थित उपेंद्र कुशवाहा (RLM) और आरजेडी के अमरेंद्र धारी सिंह के बीच सीधी टक्कर है. ओडिशा में भी 4 सीटों के लिए 5 उम्मीदवार हैं. वहीं हरियाणा में 2 सीटों के लिए 3 उम्मीदवार मैदान में हैं.
विधायकों ने धोखा नहीं दिया होता तो हम चुनाव जीत जाते- तेजस्वी यादव: आरजेडी उम्मीदवार की हार के बाद नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि हमारी जितनी भी संख्या होती, हम भाजपा से लड़ते. तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा ने चुनाव में धनतंत्र और मशीन तंत्र का इस्तेमाल किया. उन्होंने कहा कि अगर हमारे विधायकों ने धोखा नहीं दिया होता तो हम चुनाव जीत जाते. उन्होंने यह भी कहा कि हमारे विधायक क्यों नहीं आए, इस पर आगे प्रक्रिया होगी. तेजस्वी यादव ने कहा कि हम भाजपा के खिलाफ अपनी लड़ाई जारी रखेंगे.
सम्राट चौधरी ने भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन को दी बधाई: बिहार राज्यसभा चुनाव में जीत के बाद उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को बधाई दी. राज्यसभा चुनाव खत्म होने के बाद विधानसभा के पोर्टिको में एनडीए और महागठबंधन के विधायकों के बीच नारेबाजी भी हुई. एनडीए के विधायकों ने जय श्री राम के नारे लगाए, जबकि महागठबंधन के विधायकों ने लोकतंत्र की हत्या बंद करो के नारे लगाए.















Leave a Reply