CM योगी आदित्यनाथ के गोरखपुर दौरे के दौरान एक दिलचस्प और भावुक क्षण देखने को मिला. शुक्रवार सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर में भ्रमण के दौरान कानपुर से आई पांच वर्षीय बच्ची यशस्विनी ने मुख्यमंत्री को ‘खिलौना बुलडोजर’ भेंट किया. यह दृश्य देखकर वहां मौजूद लोग मुस्कुरा उठे, वहीं सीएम योगी भी अपनी हंसी नहीं रोक सके, और गदगद हो गए.
मुख्यमंत्री ने बच्ची को अपने पास बुलाया, उससे बातचीत की और उसके साथ फोटो भी खिंचवाई. उन्होंने बच्ची को मन लगाकर पढ़ाई करने की सलाह दी. इसके बाद सीएम ने स्नेहपूर्वक खिलौना उसे वापस कर दिया. बच्ची खुशी-खुशी वहां से चली गई। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से भी साझा किया गया है. एक्स पर लिखा है कि यह नन्हा-सा उपहार बड़े विश्वास का प्रतीक है, यह भरोसे की मासूम अभिव्यक्ति है.
इससे पहले, राम नवमी के अवसर पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम भारतीय संस्कृति और आदर्श जीवन मूल्यों के प्रतीक हैं. राम करुणा, सत्य और मर्यादा के सर्वोच्च उदाहरण हैं, जिनका जीवन समाज को सही दिशा देता है. उन्होंने अपने संदेश में कहा कि राम नवमी का पर्व हमें सत्य, करुणा और सौहार्द को जीवन में अपनाने की प्रेरणा देता है. मुख्यमंत्री ने इसे ‘रामत्व’ के मूल भाव को समझने और आचरण में उतारने का अवसर बताया.
गुंडागर्दी करने वालों को बंद करो- योगी वहीं सीएम योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर प्रवास के दौरान लगातार दूसरे दिन शुक्रवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में विभिन्न जिलों से आए लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं. इस दौरान कमजोर वर्ग के लोगों को कतिपय दबंगों द्वारा डराने, धमकाने की शिकायत पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस अधिकारियों को दो टूक में निर्देशित किया, ‘गुंडागर्दी करने वालों को उठाकर बंद करो.’ उन्होंने कहा कि किसी मुकदमे में यदि कोई अभियुक्त जमानत पर छूटने के बाद वादी को धमका रहा हो तो जमानत निरस्त कराने की कार्यवाही की जाए.
200 से ज्यादा लोगों की समस्याएं सुनी: गोरखनाथ मंदिर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने करीब 200 लोगों की समस्याएं सुनीं. सबके प्रार्थना पत्रों को संबंधित अधिकारियों को संदर्भित करते हुए त्वरित और संतुष्टिपरक निस्तारण का निर्देश देते हुए कहा कि हर व्यक्ति की समस्या का समाधान, सरकार का संकल्प है. अधिकारी यह यह सुनिश्चित करें कि बिना भेदभाव सबको न्याय मिले. हर पात्र को जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिले, जरूरतमंदों के समुचित इलाज की व्यवस्था हो, जमीन कब्जाने वाले भू माफिया व दबंगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई हो.
















Leave a Reply