हमीरपुर के फैक्ट्री एरिया में डंपर-दुग्ध वाहन की टक्कर: चालक मौत; डंपर चालक फरार

Spread the love

इरशाद खान, हमीरपुर।
हमीरपुर से गुजरने वाले कानपुर-सागर नेशनल हाईवे 34 पर बुधवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया. फैक्ट्री एरिया पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार डंपर और अमूल दूध के वाहन की आमने-सामने की टक्कर में दुग्ध वाहन चालक की मौत हो गई.

दुग्ध वाहन चालक 35 वर्षीय अनिल कुमार

यह हादसा बुधवार तड़के करीब 3:30 बजे हुआ. महोबा से कानपुर की ओर जा रहे गिट्टी लदे डंपर की माती कानपुर देहात से महोबा जा रहे अमूल दूध के वाहन से टक्कर हो गई. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री एरिया पेट्रोल पंप के पास ओवरटेक के दौरान दोनों वाहन अनियंत्रित होकर टकरा गए. टक्कर इतनी भीषण थी कि दुग्ध वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. वाहन चालक 35 वर्षीय अनिल कुमार, जो भोगनीपुर, अकबरपुर, कानपुर देहात का निवासी था, गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया. टक्कर के कारण हाईवे पर लंबा जाम लग गया. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन तथा हाइड्रा की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटवाकर यातायात को सुचारू कराया. पुलिस ने दोनों वाहन स्वामियों और मृतक के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस फरार डंपर चालक की तलाश कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *