इरशाद खान, हमीरपुर।
हमीरपुर जिले के मुस्करा थाना क्षेत्र में गुरुवार रात बाइक सवार तीन युवकों पर अज्ञात हमलावर ने लाठी से हमला कर दिया. विरोध करने पर हमलावर ने गोली चला दी, जिससे एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल को तत्काल मुस्करा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है.
घटना मुस्करा थाना क्षेत्र के बंडवा-भैंसाय मार्ग पर हुई. भैंसाय गांव निवासी सत्येंद्र, संतराम और उनके एक अन्य पारिवारिक सदस्य जो गुरुवार रात 9 बजे मुस्करा से अपनी बाइक से गांव लौट रहे थे. तभी रास्ते में एक अज्ञात व्यक्ति ने उनकी चलती बाइक पर लाठी से हमला कर दिया.
बाइक रुकने के बाद सत्येंद्र ने लाठी से किए गए हमले का विरोध किया. इस पर हमलावर ने तमंचे से गोली चला दी, जो सत्येंद्र के गले के दाहिने हिस्से में लगी. गोली लगने से सत्येंद्र मौके पर ही गिर पड़ा। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर घटनास्थल से फरार हो गया. बाइक चला रहे संतराम ने तत्काल परिजनों को सूचना दी और एंबुलेंस की सहायता से घायल सत्येंद्र को मुस्करा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गया, जहां घायल का उपचार चल रहा है.
सीओ राठ आरपी सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही मुस्करा थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए और जांच शुरू कर दी है. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर हमलावर की पहचान करने का प्रयास कर रही है. उन्होंने बताया कि घायल सत्येंद्र की हालत फिलहाल सामान्य है. उन्होंने बताया कि घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र कर लिए गए हैं और आरोपी की पहचान के प्रयास जारी हैं. पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
















Leave a Reply