दिल्ली-NCR और उत्तर भारत के कई हिस्सों में मौसम ने अचानक करवट ले ली है. IMD ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान और उत्तराखंड के कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. विभाग ने तेज आंधी, बिजली गिरने और भारी बारिश की चेतावनी दी है. दिल्ली के कई इलाकों में पहले ही बारिश दर्ज की गई है, जिससे मौसम में बदलाव महसूस किया गया है. अचानक बदले मौसम ने लोगों को गर्मी से राहत दी है, लेकिन साथ ही सावधानी बरतने की भी जरूरत बढ़ गई है.
नोएडा में गुरुवार सुबह से ही मौसम का मिजाज बदलने लगा था. दिन में धूप निकली हालांकि शाम होते होते पहले तेज हवाएं चलीं. कुछ ही देर में झमाझम बारिश हुई.
मौसम विभाग के अनुसार 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. कुछ स्थानों पर यह गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. साथ ही कई जगहों पर मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है. उत्तर प्रदेश के अलीगढ़, झांसी, महोबा और मथुरा में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. वहीं आगरा, गौतम बुद्ध नगर, हमीरपुर और हाथरस में भी तेज आंधी और बारिश की चेतावनी दी गई है.
दिल्ली-NCR और उत्तर भारत में ऑरेंज अलर्ट जारी: हरियाणा के भिवानी, चरखी दादरी, फतेहाबाद, हिसार, मेवात, रेवाड़ी और सिरसा में भी मौसम खराब रहने का अनुमान है. गुरुग्राम, झज्जर, जींद, महेंद्रगढ़, पलवल और रोहतक में भी तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई गई है. राजस्थान के भरतपुर में भी मौसम बिगड़ने की चेतावनी दी गई है. उत्तराखंड के बागेश्वर, चमोली, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी में भी आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.
दिल्ली के सभी जिलों जैसे सेंट्रल दिल्ली, ईस्ट दिल्ली, न्यू दिल्ली, नॉर्थ दिल्ली, नॉर्थ ईस्ट, नॉर्थ वेस्ट, शाहदरा, साउथ, साउथ ईस्ट, साउथ वेस्ट और वेस्ट दिल्ली में भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग ने बताया है कि दिल्ली-NCR में शाम 6:15 बजे से रात 9 बजे तक तेज धूल भरी आंधी चल सकती है. इस दौरान हवा की रफ्तार 50 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
यूपी, हरियाणा और राजस्थान के कई जिलों में मौसम बिगड़ा: इसके बाद कई जगहों पर मध्यम से भारी बारिश और गरज के साथ बिजली गिरने की संभावना है. कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है. मौसम में इस बदलाव के कारण तापमान में 7 से 10 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना जताई गई है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी. मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वो अनावश्यक यात्रा से बचें और खुले स्थानों पर सावधानी बरतें.
बारिश ने नोएडा वालों को बड़ी राहत दिलाई है. पिछले कई दिनों से हीटवेव और भीषण गर्मी ने आम जनजीवन अस्त व्यस्त कर दिया था. अब लोगों को राहत मिली है.गुरुवार को बारिश के नोएडा का तापमान गिर गया. अधिकतम तापमान 40 से नीचे आ गया, जो पिछले दिनों 45 के आसपास बना रहा. तापमान में 5 डिग्री की गिरावट देखी गई है.

मौसम विभाग के मुताबिक, नोएडा एनसीआर में पश्चिमी विक्षोभ का असर दिखेगा. 31 मई तक कहीं तेज बारिश तो कहीं तेज आंधी तूफान आने की संभावना है.














Leave a Reply