कानपुर देहात के भोगनीपुर क्षेत्र के अमरौधा निवासी मुस्लिम युवा समाज के प्रतिनिधियों ने ज्योतिष्पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी महाराज को ज्ञापन सौंपकर गौ माता को ‘राष्ट्रमाता’ अथवा ‘राज्यमाता’ का दर्जा दिए जाने की मांग उठाई. मुस्लिम युवा समाज के संयोजक मोहम्मद इबादुल हसन के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में गौ संरक्षण और गोवंश संवर्धन से जुड़ी कई प्रमुख मांगें रखी गईं.
ज्ञापन में क्या-क्या मांग: ज्ञापन में कहा गया कि भारत में गौ माता को प्राचीन काल से श्रद्धा, सेवा और करुणा का प्रतीक माना जाता रहा है. गोवंश केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं है, बल्कि कृषि, पर्यावरण संरक्षण, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और मानव जीवन के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण है. मुस्लिम युवा समाज ने अपने ज्ञापन में उल्लेख किया कि गौ संरक्षण किसी एक धर्म या समुदाय तक सीमित विषय नहीं, बल्कि पूरे समाज और राष्ट्र की भावनाओं से जुड़ा मुद्दा है.
पर्याप्त गौशालाओं की व्यवस्था की मांग: ज्ञापन में गौ माता को आधिकारिक रूप से ‘राष्ट्रमाता’ या ‘राज्यमाता’ का दर्जा देने, पूरे देश में गौ हत्या पर कठोर एवं प्रभावी प्रतिबंध लागू करने, बेसहारा एवं निराश्रित गोवंश के संरक्षण और उपचार के लिए प्रत्येक जनपद में पर्याप्त गौशालाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई. इसके साथ ही गोवंश की नस्ल संरक्षण के लिए प्रभावी कानून बनाने और गौ आधारित कृषि, जैविक खाद और प्राकृतिक उत्पादों को बढ़ावा देने का भी आग्रह किया गया.
शंकराचार्य से अनुरोध: मुस्लिम युवा समाज के प्रतिनिधियों ने शंकराचार्य से अनुरोध किया कि वे उनकी भावनाओं और मांगों को केंद्र व राज्य सरकार तक पहुंचाने का प्रयास करें. उन्होंने कहा कि यह पहल सामाजिक सद्भाव, भाईचारे और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है.















Leave a Reply