फतेहपुर के धाता में घर में लाखों की चोरी, चोर छत के रास्ते घुसे; नगदी-जेवर उड़ा ले गये

Spread the love

फतेहपुर के धाता थाना क्षेत्र के अमदरा गांव में चोरों ने एक घर को निशाना बनाया. छत के रास्ते घर में घुसे अज्ञात चोरों ने अलमारी से नगदी और कीमती आभूषण चुरा लिए. घटना की जानकारी सुबह होने पर परिवार में हड़कंप मच गया.

नगदी और सोने-चांदी के जेवर चोरी: अमदरा गांव निवासी धर्मनारायण पांडेय बुधवार रात अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे. इसी दौरान चोर छत के रास्ते घर में दाखिल हुए. उन्होंने कमरे में रखी अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे करीब 20 हजार रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवर चोरी कर लिए. वारदात को अंजाम देने के बाद चोर फरार हो गए, जिसकी भनक परिवार को नहीं लगी.

गुरुवार सुबह जब परिवार के लोग जागे, तो उन्होंने घर का सामान बिखरा हुआ पाया और अलमारी खुली देखकर दंग रह गए. तत्काल धाता पुलिस को सूचना दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए.

आसपास के लोगों से पूछताछ जारी: पीड़ित धर्मनारायण पांडेय ने 9 जुलाई गुरुवार को देर शाम थाने में तहरीर दी. इस तहरीर के आधार पर धाता पुलिस ने 10 जुलाई देर शाम को अज्ञात चोरों के खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और संदिग्धों की तलाश में जुट गई है। क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है. ग्रामीणों ने रात्रि गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी की मांग की है.

धाता थाना प्रभारी अरविंद कुमार राय ने बताया कि-“अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा.”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *