फतेहपुर में हरकुकन्दी मोड़ के पास मिला अज्ञात का शव, पुलिस पर उठ रहे सवाल

Spread the love

UP के फतेहपुर जिले के चांदपुर थाना क्षेत्र में हरकुकन्दी मोड़ के पास मंगलवार सुबह लगभग 8 बजे एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप मच गया. राहगीरों ने सड़क किनारे शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई.

सूचना मिलते ही चांदपुर थाना प्रभारी वृंदावन राय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई शुरू की. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया गया. थाना प्रभारी वृंदावन राय ने बताया कि मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है. उसकी शिनाख्त के लिए आसपास के थानों को सूचना भेजी गई है और सोशल मीडिया सहित अन्य माध्यमों से भी प्रयास किए जा रहे हैं. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है, ताकि मृतक के वहां पहुंचने का पता चल सके.

फिलहाल, मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो पाएगा. यदि किसी प्रकार की संदिग्ध परिस्थितियां सामने आती हैं, तो उसी आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी. अज्ञात शव मिलने की इस घटना से क्षेत्र में विभिन्न तरह की चर्चाएं हैं.

पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच में जुटी है. अधिकारियों ने बताया कि मृतक की पहचान होते ही उसके परिजनों को सूचना देकर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. गौरतलब है कि बीते दिन ललौली थाना क्षेत्र के अजमतपुर के पास भी एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला था. 24 घंटे के भीतर दूसरा शव मिलने से क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *