नोएडा में 5 मंजिला बिल्डिंग में आग, 2 की मौत; 50 परिवारों का सीढ़ियां लगाकर रेस्क्यू किया

Spread the love

नोएडा में बुधवार दोपहर 5 मंजिला बिल्डिंग में आग लग गई. हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक बच्चा और एक युवती गंभीर रूप से झुलस गए.

पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि बिल्डिंग में ग्राउंड फ्लोर पर इलेक्ट्रिक स्कूटी चार्ज हो रही थी, इसी दौरान उसमें धमाका हुआ और आग लग गई. देखते ही देखते आग पूरी बिल्डिंग में फैल गई. फायर ब्रिगेड की 7 गाड़ियां मौके पर पहुंची. बिल्डिंग में रहने वाले करीब 50 परिवारों का रेस्क्यू किया जा रहा है.

घटना के वीडियो भी सामने आए हैं. इसमें दिख रहा है कि दो इमारतों की छतों के बीच सीढ़ियां लगाई गई हैं. इन्हीं के सहारे लोग दूसरी बिल्डिंग में जा रहे हैं. फिलहाल, पुलिस ने बिल्डिंग मालिक को हिरासत में ले लिया है. आग सेक्टर-66 के ममूरा इलाके में लगी है. यह भीड़भाड़ वाला इलाका है। यहां नौकरी कर रहे लोग परिवार के साथ रहते हैं.

धुएं और आग के बीच फंसे दर्जनों परिवार
हादसे के समय इमारत में लगभग 50 परिवार मौजूद थे. आग फैलते ही पूरे भवन में चीख-पुकार मच गई. स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर विभाग को सूचना दी, जिसके बाद राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया.

दमकल कर्मियों ने चलाया बड़ा रेस्क्यू अभियान
सूचना मिलते ही फेज-3 थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और इमारत में फंसे सभी परिवारों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. राहत अभियान के दौरान पुलिस और स्थानीय लोगों ने भी बचाव कार्य में सहयोग किया.

दो लोगों की नहीं बच सकी जान
रेस्क्यू अभियान के बावजूद दो लोगों की जान नहीं बचाई जा सकी. आशंका है कि दोनों की मौत धुएं में दम घुटने या आग की चपेट में आने से हुई. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

जांच में जुटी पुलिस
पुलिस और फायर विभाग घटना के वास्तविक कारणों की जांच कर रहे हैं. शुरुआती जांच में इलेक्ट्रिक बाइक में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की वजह माना जा रहा है. अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों की आधिकारिक पुष्टि की जाएगी. फिलहाल पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया जारी है.

वहीं सूचना मिलते ही सीएम योगी ने हादसे पर संज्ञान लिया है. सीएम योगी ने अधिकारियों को घायलों और हताहतों के लिए बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिये हैं.   

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *