NEET में चयन न होने से टूटी हमीरपुर की 20 साल की श्रुति, डिप्रेशन में गंवाई जान

Spread the love

हमीरपुर जनपद के राठ कस्बे में नीट की तैयारी कर रही एक 20 वर्षीय छात्रा ने कथित तौर पर जहरीले पदार्थ का सेवन कर आत्महत्या कर ली. परिजनों ने आशंका जताई है कि नीट परीक्षा में अपेक्षाकृत कम अंक आने के तनाव में आकर छात्रा ने यह कदम उठाया. घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है.

मृतक छात्रा की पहचान दीवानपुरा मोहल्ले निवासी श्रुति साहू (20) पुत्री महेंद्रपाल के रूप में हुई है. शनिवार रात करीब 10:30 बजे श्रुति ने अपने घर में जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया. हालत बिगड़ने पर परिजन उसे तुरंत राठ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने श्रुति की गंभीर हालत को देखते हुए उसे उरई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया.

रविवार सुबह इलाज के दौरान श्रुति साहू ने दम तोड़ दिया. श्रुति साहू कानपुर में रहकर नीट की परीक्षा की तैयारी कर रही थी और लगभग डेढ़ माह पहले ही अपने घर राठ लौटी थी. परिजनों और पड़ोसियों ने बताया कि नीट परीक्षा के परिणाम में कम अंक आने के कारण वह तनाव में थी, जिसके चलते उसने यह आत्मघाती कदम उठाया. यह भी बताया गया है कि करीब पांच वर्ष पूर्व श्रुति की मां ने भी जहरीले पदार्थ का सेवन कर आत्महत्या कर ली थी.

मृतका अपने पीछे दो छोटी बहनों जागृति और काव्या, भाई तरुण और पिता महेंद्र पाल सहित अन्य परिजनों को छोड़ गई है. सूचना मिलने पर पुलिस ने रविवार को उरई (जनपद जालौन) में शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *