पूर्व भाजपा MP सुब्रत पाठक के काफिले की स्कॉर्पियो डिवाइडर से टकरायी, हेड कॉन्स्टेबल की मौत, सिपाही-ड्राइवर गंभीर

Spread the love

UP के कन्नौज में भाजपा के पूर्व सांसद सुब्रत पाठक की एस्कॉर्ट में चल रही स्कॉर्पियो डिवाइडर से टकरा गई. हादसे में एक हेड कॉन्स्टेबल की मौत हो गई. एक सिपाही और ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हैं. हादसा आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे हुआ.

सूचना मिलते ही पुलिस और एक्सप्रेस-वे की टीम मौके पर पहुंची. घायलों को गाड़ी से निकालकर अस्पताल ले जाया गया जहां घायल सिपाही और ड्राइवर का इलाज किया जा रहा है. पुलिस ने क्रेन से स्कॉर्पियो को हटवाकर किनारे कराया. पूर्व सांसद सुब्रत पाठक इटावा से कन्नौज जा रहे थे.

तेज स्पीड में डिवाइडर से टकराई स्कॉर्पियो: माना जा रहा है कि हादसे के वक्त सुब्रत पाठक के काफिले की स्कॉर्पियो की स्पीड 110 किमी से भी ज्यादा थी. आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर माइलस्टोन-145 के पास ड्राइवर ने गाड़ी से नियंत्रण खो दिया. इसके बाद गाड़ी डिवाइडर से टकरा गई. टक्कर के बाद स्कॉर्पियो के एयरबैग भी नहीं खुले. टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए.

हादसे के बाद भाजपा के पूर्व सांसद सुब्रत पाठक ने पुलिस को सूचना दी. लोगों के साथ मिलकर गाड़ी में फंसे लोगों को बाहर निकाला.

सुब्रत पाठक की गाड़ी से 100 मीटर दूर हुआ हादसा: हादसे के समय पूर्व सांसद सुब्रत पाठक की कार दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो से करीब 100 मीटर आगे चल रही थी। हादसे का पता चलते ही सुब्रत पाठक रुक गए। डायल-112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को हादसे की सूचना दी।

मेडिकल कॉलेज में डीएम आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और एसपी विनोद कुमार से बात करते पूर्व भाजपा सांसद सुब्रत पाठक.

इसके बाद सुब्रत पाठक और अन्य लोगों ने बड़ी मुश्किल से गाड़ी में फंसे सभी लोगों को बाहर निकाला। फिर हेड कॉन्स्टेबल अभिषेक त्रिपाठी (50), सिपाही कुंवरपाल (51) और ड्राइवर शरद प्रकाश (32) को अपनी गाड़ी से तिर्वा स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज ले गए।

वहां डॉक्टरों ने अभिषेक त्रिपाठी को मृत घोषित कर दिया। अभिषेक फतेहपुर का रहने वाला था। वहीं, एटा का रहने वाला सिपाही कुंवरपाल और औरैया निवासी ड्राइवर शरद प्रकाश गंभीर रूप से घायल हैं। दोनों को गंभीर हालत में कानपुर रेफर किया गया है। एसपी विनोद कुमार भी पुलिस फोर्स के साथ मेडिकल कॉलेज पहुंचे।

पूर्व सांसद बोले- स्कॉर्पियो का टायर फटने से हादसा हुआ: सुब्रत पाठक के काफिले में 2 गाड़ियां थीं। उनकी गाड़ी आगे चल रही थी। जबकि पीछे चल रही स्कॉर्पियो में उनकी सुरक्षा में तैनात हेड कॉन्स्टेबल अभिषेक त्रिपाठी, कॉन्स्टेबल कुंवरपाल और ड्राइवर शरद प्रकाश सवार थे।

पूर्व सांसद सुब्रत पाठक ने बताया कि स्कॉर्पियो उनकी ही है, जिसमें उनके सुरक्षाकर्मी साथ चलते थे। टायर फटने से स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे के समय हेड कॉन्स्टेबल अभिषेक त्रिपाठी ड्राइवर के बगल वाली सीट पर बैठे थे, जबकि कॉन्स्टेबल कुंवरपाल पीछे की सीट पर थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *