चित्रकूट में तीन युवकों की संदिग्ध हालात में मौत, तालाब में मछली पकड़ने गए थे; जांच शुरू

Spread the love

UP में चित्रकूट के मानिकपुर थाना क्षेत्र के हेला गांव में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया. बंधा तालाब के जडेरा में मछली पकड़ने गए तीन युवकों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. एक साथ तीन युवकों की अर्थी उठने से पूरे गांव में मातम और शोक की लहर दौड़ गई है.

मृतकों की पहचान राजपाल (17) पुत्र स्व. लवकुश निवासी हेला, महेंद्र (30) पुत्र जोधी निवासी हेला और रामकेश (32) पुत्र तीरथ निवासी चुरेहकेसरवा के रूप में हुई है.

बताया गया कि तीनों के साथ महेंद्र का भाई सुरविजय भी गया था. उसी ने घर पहुंचकर घटना की सूचना दी, जिसके बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई. मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई. तीनों की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं है.

सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है. पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा. एक साथ तीन मौतों से गांव में मातम छा गया है. शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. 17 वर्षीय राजपाल की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *