फतेहपुर में तमंचा लहराकर सड़क पर डांस, दोस्त के बर्थडे का जश्न; पुलिस ने शुरू की तलाश

Spread the love

फतेहपुर जिले के बिंदकी कोतवाली क्षेत्र से एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. मंगलवार रात करीब 11 बजे से वायरल हो रहे इस वीडियो में कुछ युवक कथित तौर पर दोस्त की जन्मदिन पार्टी में तमंचा लहराते हुए डांस करते दिख रहे हैं.

जानकारी के अनुसार, यह वीडियो बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के बाग बादशाही और बावनी इमली इलाके का बताया जा रहा है. वीडियो में तेज संगीत के बीच कुछ युवक जश्न मना रहे हैं, जिनमें से एक युवक हाथ में तमंचा लहराता हुआ दिखाई दे रहा है. बुधवार के दिन सुबह वायरल वीडियो को लेकर इलाके में अवैध हथियारों की उपलब्धता को लेकर सवाल उठने लगे हैं और लोगों ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है.

बिंदकी कोतवाली पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि बिना जांच के वीडियो के संबंध में किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा. पुलिस वीडियो में दिख रहे युवकों की पहचान करने का प्रयास कर रही है. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि वीडियो कब और कहां का है. युवक के हाथ में दिख रहा हथियार लाइसेंसी है या अवैध.

पुलिस आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटा रही है. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यदि जांच में वीडियो सही पाया जाता है और अवैध हथियार का प्रदर्शन या कानून का उल्लंघन सामने आता है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *