फिल्म अभिनेता राजपाल यादव की कानूनी और आर्थिक परेशानियां कम होने का नाम नहीं ले रही हैं. चेक बाउंस मामले में जेल में बंद अभिनेता के खिलाफ अब बैंक ने भी बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है. सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, मुंबई ने शाहजहांपुर स्थित उनकी दो संपत्तियों की नीलामी की प्रक्रिया तेज करते हुए नोटिस चस्पा कर दिया है. बैंक के अधिकारियों ने संबंधित संपत्तियों पर नोटिस लगाकर सार्वजनिक रूप से नीलामी की सूचना जारी की है.
16.61 करोड़ रुपये का बकाया: बैंक के अनुसार, राजपाल यादव पर सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, मुंबई का करीब 16 करोड़ 61 लाख 64 हजार रुपये का बकाया है. बताया गया है कि अभिनेता ने अपनी फिल्म ‘अता पता लापता’ के निर्माण के लिए यह ऋण लिया था. ऋण की अदायगी नहीं होने पर बैंक ने बकाया वसूली की कार्रवाई शुरू कर दी है.
शाहजहांपुर की दो संपत्तियां होंगी नीलाम: बैंक द्वारा जारी नोटिस के मुताबिक, शाहजहांपुर में राजपाल यादव की दो संपत्तियों को नीलामी के लिए चिन्हित किया गया है. इनमें शहर स्थित एक संपत्ति और गांव में स्थित खेत व मकान शामिल हैं. इन दोनों संपत्तियों का कुल अनुमानित मूल्य 3 करोड़ 19 लाख 26 हजार रुपये बताया गया है. बैंक ने इन संपत्तियों की ऑनलाइन नीलामी 9 सितंबर 2026को कराने का निर्णय लिया है.
पत्नी और मां की संपत्ति भी गारंटी में शामिल: जानकारी के अनुसार, बैंक से ऋण लेते समय राजपाल यादव ने अपनी पत्नी राधा यादव और मां गोदावरी यादव के नाम दर्ज संपत्तियों को भी गारंटी के रूप में गिरवी रखा था. इसी आधार पर बैंक अब इन संपत्तियों पर भी कानूनी कार्रवाई कर रहा है. शाहजहांपुर के अलावा मुंबई स्थित संपत्तियों के संबंध में भी वसूली की प्रक्रिया जारी है.
पहले से जेल में हैं अभिनेता: राजपाल यादव फिलहाल चेक बाउंस से जुड़े एक मामले में जेल में बंद हैं. बताया जा रहा है कि जिस कंपनी के चेक बाउंस प्रकरण में उनके खिलाफ कार्रवाई हुई, उसके मालिक भी शाहजहांपुर के निवासी हैं. अब बैंक की नीलामी प्रक्रिया शुरू होने के बाद अभिनेता की मुश्किलें और बढ़ती नजर आ रही हैं. आने वाले दिनों में यह देखना अहम होगा कि नीलामी से पहले कोई कानूनी राहत मिलती है या बैंक तय कार्यक्रम के अनुसार संपत्तियों की बिक्री की प्रक्रिया पूरी करता है.
















Leave a Reply