UP के गाजियाबाद में वसुंधरा पुलिस चौकी में धनतेरस की रात हुए धमाके की जांच के लिए ATS की टीम भी मौके पर पहुंची है. टीम धमाके की वजह और इसमें आतंकी साजिश की आशंका की जांच कर रही है.
हालांकि, धमाके की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। शुरुआती जांच में एसी या चौकी में रखे पटाखों में विस्फोट की आशंका जताई जा रही है. सोशल मीडिया पर आतंकी संगठन के नाम से धमाके की जिम्मेदारी लेने वाले दावे की भी जांच की जा रही है.
धमाका इंदिरापुरम थाना क्षेत्र की वसुंधरा पुलिस चौकी में शुक्रवार रात करीब 8:30 से 9 बजे के बीच हुआ. धमाका इतना तेज था कि चौकी के कमरों की खिड़कियों के शीशे टूट गए। एसी क्षतिग्रस्त हो गए और दीवार में दरार आ गई. धमाके की आवाज करीब एक किलोमीटर दूर तक सुनाई दी. गनीमत रही कि उस वक्त चौकी के अंदर कोई पुलिसकर्मी नहीं था.
इस दौरान चौकी के पास से गुजर रहा 20 साल का युवक विशाल घायल हो गया. वह खाना डिलीवर करने जा रहा था। सोशल मीडिया पर ‘तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान’ नाम के आतंकी संगठन ने धमाके की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है.
धमाके की सूचना मिलते ही पुलिस कमिश्नर जे. रविंदर गौड घटनास्थल पर पहुंचे. फॉरेंसिक टीम और बम निरोधक दस्ते ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की.
CCTV कैमरे खंगाल रही पुलिस: वसुंधरा चौकी एलिवेटेड रोड के नीचे बनी है. पुलिस सूत्रों का दावा है कि सड़क के ऊपर से किसी ने विस्फोटक सामग्री फेंकी थी. उससे ही धमाका हुआ है। एलिवेटेड रोड पर लगे CCTV कैमरों की जांच की जा रही है.
जब्त पटाखों में विस्फोट की भी आशंका: आसपास के लोगों का कहना है कि चौकी में पुलिसकर्मी इलाके में अवैध रूप से बिकने वाले पटाखों को जब्त करके रखते थे. शायद उसकी से धमाका हुआ हो. हालांकि, पुलिस पटाखों में ब्लास्ट की बात पर खुलकर नहीं बोल रही है.
डीसीपी बोले- जांच के बाद ही कारणों का पता चल पाएगा: डीसीपी ट्रांस हिंडन ऋजुल ने बताया- ब्लास्ट की सूचना मिलने के बाद मामले की जांच की जा रही है. घायल युवक गाजियाबाद के अर्थला का रहने वाला है. उसकी हालत स्थिर है। फोरेंसिक टीम मौके पर है. जांच के बाद कुछ भी बोलना उचित होगा. यह चौकी अधिकांश समय बंद रहती थी.
















Leave a Reply