कानपुर में पांडु नदी फिर उफान पर, शहर के घर बने टापू; बिगड़ते जा रहे हालात

Spread the love

लगातार बारिश के बाद कानपुर में पांडु नदी एक बार फिर उफान पर है। नदी का बढ़ता पानी अब किनारे की आबादी के लिए आफत बन गया है। पनकी पनका से लेकर गोपालपुरम, मेहरबान सिंह का पुरवा और टिकरा तक कई इलाकों में पानी घरों और गलियों में पहुंच गया है। हालात यह हैं कि गोपालपुरम में जलभराव के बीच फंसे 30 परिवारों को एनडीआरएफ और पीएसी की टीम को नाव से निकालना पड़ा। वहीं सुंदर नगर में घरों के अंदर ढाई फीट तक पानी भरने से परिवारों को घर छोड़ने पड़े हैं।

पनकी पनका में मकानों के निचले तल तक पानी: तीन दिनों से जारी बारिश के बाद पनकी पनका गांव में पांडु नदी का जलस्तर रातोंरात बढ़ गया। नदी किनारे बने मकानों के निचले तल तक पानी पहुंच गया। नदी की ओर जाने वाला वैकल्पिक पुल भी लगभग डूब गया, जिसके बाद रास्ता पूरी तरह बंद कर दिया गया। ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की गई है।

सुंदर नगर में घर डूबे, सामान भी नहीं बचा: 48 घंटे से अधिक हुई मूसलाधार बारिश ने सुंदर नगर कॉलोनी की व्यवस्था बिगाड़ दी। यहां नाले का पानी पांडु नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद बैकफ्लो होकर कॉलोनी में घुस गया। कई घरों में दो से ढाई फीट पानी भर गया। रसोई, बेडरूम और घर में रखा सामान पानी में डूब गया। कई परिवार रिश्तेदारों के यहां जाने को मजबूर हुए। स्थानीय लोगों के मुताबिक 2018 के बाद पहली बार इतने खराब हालात बने हैं।

आवास विकास-3 में घुटनों से ऊपर पानी, बिजली के उपकरण डूबे: कल्याणपुर के आवास विकास-3 में भी जलनिकासी व्यवस्था जवाब दे गई। मुख्य सड़कों पर घुटनों से ऊपर पानी पहुंचने के बाद घरों में भी पानी घुस गया। फ्रिज, कूलर और वॉशिंग मशीन समेत बिजली के उपकरण पानी में डूब गए। करंट के खतरे से लोग दहशत में रहे। लोगों के विरोध के बाद पोकलेन और जेसीबी से नालों की सफाई शुरू कराई गई।

टिकरा की गलियों में भी बाढ़ का पानी: पांडु नदी का पानी टिकरा गांव के निचले इलाकों में भी घुस गया। शनिवार रात से गलियों और घरों के आसपास पानी भरना शुरू हुआ। कुछ स्थानों पर करीब एक फीट पानी है। लगातार बढ़ते जलस्तर ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है।

प्रशासन की अपील, लेकिन हालात लगातार बिगड़े: गोपालपुरम और मेहरबान सिंह का पुरवा में एनडीआरएफ व पीएसी ने मोर्चा संभालकर लोगों को निकालना शुरू किया। प्रशासन ने नदी और जलमग्न पुल की ओर न जाने की अपील की है। पुलिस और प्रशासन की टीमें निगरानी में जुटी हैं, लेकिन कई इलाकों में जलभराव ने लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी पूरी तरह प्रभावित कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *