कानपुर के सिकठिया में बारिश से जमीन धंसी, 30 फीट गहरा गड्ढा; महिला ने बच्चों का बचाया

Spread the love

कानपुर के नरवल तहसील क्षेत्र में 48 घंटे से हो रही बारिश के बीच रविवार सुबह महाराजपुर के सिकठिया गांव में जमीन अचानक धंस गई. इससे करीब 25 से 30 फीट गहरा गड्ढा बन गया. घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत फैल गई। गड्ढे के पास स्थित मकान की दीवार पर भी खतरा बना हुआ है.

यह गड्ढा रविवार सुबह करीब 7 बजे पप्पू दिवाकर के पुराने मकान की रसोई वाली जगह पर बना. ग्रामीणों के मुताबिक इसकी चौड़ाई करीब 2 से 3 फीट है. पप्पू का सैकड़ों साल पुराना मकान पिछली बारिश में गिर चुका था. इसके बाद उन्होंने बगल में नया मकान बनाकर रहना शुरू कर दिया था.

छत पर कपड़े डाल रही थी महिला, नीचे बच्चे खेल रहे थे: रेनू पत्नी राजू ने बताया कि सुबह वह छत पर कपड़े डाल रही थीं. इसी दौरान घर के बाहर छोटे बच्चे खेल रहे थे. अचानक उनकी नजर जमीन में बने गड्ढे पर पड़ी. वह तुरंत नीचे आईं और बच्चों को वहां से दूर कर दिया. इससे बड़ा हादसा टल गया.

गड्ढे से सटे राजू दिवाकर के मकान की दीवार के भी गिरने का खतरा बना हुआ है. ग्रामीणों के मुताबिक मकान के बाहर करीब 10 फीट चौड़ी सड़क है और सड़क से करीब 4 फीट ऊंचाई पर मकान बना है.

पुलिस और राजस्व टीम को दी गई सूचना: ग्राम प्रधान आकाश सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस और राजस्व टीम को दे दी गई है. एसडीएम नरवल सत्यपाल प्रजापति ने बताया कि जमीन धंसने की सूचना मिली है. मौके पर पुलिस और राजस्व टीम भेजी जा रही है. वह स्वयं भी घटनास्थल का निरीक्षण करेंगे.

प्रशासन की ओर से गड्ढे के आसपास बैरिकेडिंग कराकर लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की बात कही गई है. मौके की स्थिति देखने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *