UP में अब गोंडा में पटाखों में भीषण विस्फोट हुआ है. हादसे में दो लोगों की मौत हो गई है और तीन लोग झुलसे हैं. सभी झुलसे लोगों को सीएचसी में प्राथमिक इलाज के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है. घटना तरबगंज थाना क्षेत्र के रगड़गंज कस्बे में सोमवार दोपहर बाद हुआ है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचे हैं.
बताया जा रहा है कि उमरी रोड पर बेलसर गांव के फारूक के यहां पटाखों का कारोबार होता है. यहां मुख्य रूप से विस्फोटकों को भरा जाता था. दोपहर बाद अचानक पटाखों में विस्फोट हो गया. इसमें घर की दीवार भी गिर गई. पटाखा बना रहे लोग इसकी चपेट में आ गए. तेज धमाके की आवाज से काफी दूर तक हड़कंप मच गया.

मामले की जानकारी पुलिस और एम्बुलेंस को दी गई. मकान के मलबे से लोगों को निकालकर पहले सीएचसी पहुंचाया गया. वहां दो लोगों को मृत घोषित कर दिया गया. अन्य झुलसे लोगों को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के साथ फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची. फोरेंसिक टीम ने कई सैंपल जुटाए हैं। बताया जाता है कि विस्फोटकों को भरने का काम पीछे के दरवाजे से होता था.
पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने सोमवार को बताया कि तरबगंज थाना क्षेत्र के रगड़गंज गांव में आज दोपहर बाद मोहम्मद फारुख के बंद मकान में गांव के ही कुछ लोग अवैध रूप से पटाखा बना रहे थे. उन्होंने बताया कि इस बीच पटाखा बनाते समय अचानक विस्फोट हो गया, जिसमें पांच लोग घायल हो गये. अधिकारी ने बताया कि उनकी पहचान इश्तियाक (40), अयास (17), कृष्ण कुमार (24), आकाश (15) और लल्लू (30) के रूप में की गयी है.
उन्होंने बताया कि सभी घायलों को तत्काल स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेलसर ले जाया गया, जहां आकाश और लल्लू को मृत घोषित कर दिया गया. अस्पताल में मौजूद डा. दीपक ने बताया कि सभी घायल 60 प्रतिशत से ज्यादा झुलसे हुए हैं और ऐसी दशा में उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए लखनऊ भेजा गया है.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जिस व्यक्ति के घर पर विस्फोट हुआ है, वह सपरिवार पंजाब के जालंधर में रहता है. उसके खाली पड़े आवास में गांव के ही कुछ लोग दीवाली के लिए पटाखा बना रहे थे, जिसमें अचानक विस्फोट हो गया.
उन्होंने कहा कि यह विस्फोट इतना भयानक था कि घर की दीवार ढह गई और आसपास के मकानों में भी दरारें आ गईं. उन्होंने बताया कि विस्फोट में जख्मी लोगों के हाथ-पैर के चीथड़े उड़ गए.
मौके पर मौजूद जायसवाल ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही श्वान दस्ता और फील्ड यूनिट के साथ प्रशासन एवं पुलिस के अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे और साक्ष्य संकलन करते हुए जांच शुरू कर दी गई है. उन्होंने बताया कि घटना में जो भी दोषी पाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.















Leave a Reply