लखनऊ के महिला एवं परिवार कल्याण महानिदेशालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली है. विभाग के डीजी को धमकी भरा मेल आया. उसमें लिखा है- 4 RDX बेस्ड बम फटेंगे. पाकिस्तान जिंदाबाद. डीजी ने कर्मचारियों और पुलिस को इसकी जानकारी दी.
इसके बाद वहां अफरा-तफरी मच गई. अधिकारी और कर्मचारी ऑफिस से निकलकर भाग गए. थोड़ी देर में पुलिस, ATS और बम स्क्वॉड की टीम पहुंची, जो पूरे परिसर की छानबीन कर रही है. अब तक कोई विस्फोटक पदार्थ नहीं मिला है. ऑफिस को सील कर दिया है. अंदर बम स्क्वॉड की टीम की जांच में जुटी है. बाहर पुलिसवाले और कर्मचारी खड़े हैं.

पुलिसवाले कर्मचारी को समझाने में जुटे हैं. उनसे कह रहे कि घबराने की कोई बात नहीं है. एसीपी चौक राज कुमार सिंह ने बताया- सुरक्षा के लिहाज से कार्यालय खाली कराया गया है. जांच की जा रही है। कोई बम या विस्फोटक पदार्थ नहीं मिला है. ई-मेल कहां से और किसने भेजी है, इसकी जांच की जा रही है. साइबर सेल के अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं. कार्यालय और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है. पुलिस पूरी तरह से अलर्ट है. विभाग के कर्मचारियों से पूछा गया कि क्या बीते 24 घंटे में कोई संदिग्ध पार्सल आया है. उनसे कहा गया कि अगर ऐसा कोई पार्सल आया हो तो तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि उसकी जांच की जा सके.
पाक जिंदाबाद से मेल की शुरुआत: महिला एवं परिवार कल्याण महानिदेशालय के आधिकारिक ईमेल updgfw@gmail.com पर सोमवार तड़के 4:18 बजे मेल आया. मेल की शुरुआत पाक जिंदाबाद से होती है. फिर लिखा- 4 RDX बेस्ड बम कार्यालय में लगे हैं. वह सोमवार दोपहर 1:13 बजे एक्टिव होंगे. मेल में तमिलनाडु की राजनीति, DMK सांसदों की कथित ISI और चीनी खुफिया एजेंसी से साठगांठ, जनरल बिपिन रावत के हेलिकॉप्टर क्रैश और कश्मीर के पहलगाम जैसे घटनाओं से इसे जोड़ा गया. अंत में मद्रास टाइगर्स लिखा है.
एटीएस ने भी शुरू की जांच, मौके पर बम स्क्वॉड: डॉग स्क्वॉड टीम के साथ ATS टीम भी पहुंची. पूरे परिसर की तलाशी ली गई. लखनऊ पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि मेल की भाषा और धमकी बेहद गंभीर है. मेल आईडी savukku_shankar@hotmail.com से भेजा गया है, जिस पर टेक्निकल टीम जांच कर रही है. मेल में तमिल एक्ट्रेस निवेथा पेथुराज और DMK नेता उदयनिधि से जुड़ी अंतरराष्ट्रीय साजिशों का भी जिक्र है. कुडनकुलम न्यूक्लियर प्लांट और तमिलनाडु के पूर्व सीएम एडप्पादी करुप्पा पलानीस्वामी के घर को भी टारगेट करने की धमकी दी गई है. मेल में सावुक्कू शंकर का भी जिक्र मेल में सावुक्कू शंकर और मुरासोली का जिक्र है. शंकर को तमिलनाड़ का चर्चित आरटीआई एक्टिविस्ट माना जाता है. इनके नाम से कई बार विवादित पोस्ट सामने आ चुके हैं. एडीसीपी वेस्ट धनंजय कुशवाहा का कहना है कि महिला एवं परिवार कल्याण महानिदेशालय के ऑफिस से धमकी भरी मेल की जानकारी मिली जिसके बाद जांच की गई. कोई भी बम नहीं मिला है.
















Leave a Reply