यूपी में कूड़े से सोना बनाया जाएगा। इसके लिए मशीन जल्द ही तैयार हो जाएगी. यह दावा योगी सरकार में मंत्री धर्मपाल सिंह ने सोमवार को मेरठ में किया. उन्होंने यह भी कहा कि मशीन में थोड़ी समस्या आ रही है. मशीन बनते ही मेरठ में कूड़े से सोना बनने लगेगा. धर्मपाल सिंह मेरठ के प्रभारी हैं और पिछले दो दिनों से जिले के दौरे पर आए हुए हैं. इस दौरान नगर निगम के कार्यों और स्वच्छता अभियान को लेकर उन्होंने मीडिया से बातचीत की.
उन्होंने कहा कि नगर निगर के अधिकारियों को कूड़ा निस्तारण के बारे में समझाया गया है. गीला और सूखा कूड़ा को अलग अलग निस्तारित करने के लिए कहा गया है. उन्होंने कहा कि लोग अक्सर नालों में ही कूड़ा वगैरह फेंक देते हैं. तरह तरह की गंदगी नाले में ही डाल दी जाती है। गत्ते-फट्टे आदि भी लोग नाले में फेंक देते हैं. अधिकारियों से कहा गया है कि इन चीजों को नाले से निकालकर अलग किया जाए. इससे नाली भी साफ होगी और कूड़ा अलग हो सकेगा.
मंत्री ने कहा कि अफसरों से कहा गया है कि नालों से गीला कूड़ा निकालने के बाद जो किनारे छोड़ दिया जाता है वह दोबारा नालों में पहुंच जाता है. उसे ले जाकर निस्तारण कराया जाए. इसके साथ ही उन्होंने कहा कि मेरठ में कूड़ा से कंचन यानी कूड़ा से सोना बनाने की तैयारी हो रही है. इसके लिए मशीन जल्द ही तैयार हो जाएगी. मशीन में थोड़ी दिक्कत आ रही है लेकिन उम्मीद है कि जल्द ही बन जाएगी. उसके बाद मेरठ में कूड़ा से सोना बनने लगेगा.
मंत्री ने सोमवार को पहले विकास भवन में समीक्षा बैठक की. इसके बाद वे शहर के कुटिया पर जनप्रतिनिधियों के साथ जनता के बीच चाय पीने पहुंच गए. मीडिया से बात करते हुए शहर में कूड़े की समस्या पर कहा कि अभी कूड़े की समस्या है, लेकिन जल्द ही मेरठ में कूड़े से कांचन बनाया जाएगा. मतलब कूड़े से सोना बनेगा. आम लोगों से भी उन्होंने कुछ सवाल किए. कहा कि सरकार सामाजिक समरसता पर चल रही है. इसके तहत ही सरकार काम कर रही है. उन्होंने कहा कि चाय पर चर्चा का एकमात्र उद्देश्य लोगों में विश्वास का भाव जगाना है. समस्याओं का निस्तारण करना है.
















Leave a Reply