सिपाही पत्नी की चेन गिर गई तो पति ने दूसरी महिला की लूट ली, CCTV ने खोला राज; गिरफ्तार

Spread the love

लखनऊ में महिला सिपाही की सोने की चेन पति से गिर गई तो उसने पैदल जा रही एक महिला की चेन लूट ली. उसे ख्याल भी नहीं रहा कि पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई. पुलिस ने फुटेज के आधार पर उसे गिरफ्तार कर लूटी गई चेन, लॉकेट और घटना में इस्तेमाल बुलेट मोटरसाइकिल बरामद कर ली है. पकड़े जाने के बाद उसने कबूला कि पत्नी की डांट से बचने के लिए उसने चेन लूटी थी. महिला सिपाही अयोध्या जिले में तैनात है.

पुलिस के मुताबिक सरोजनीनगर के शांतिनगर निवासी कृष्णा देवी ने मुकदमा दर्ज कराया था कि 22 मई को अपने पौत्र के साथ लोकबंधु अस्पताल के पास से पैदल जा रही थीं. तभी बाइक सवार एक व्यक्ति उनकी चेन लूटकर भाग निकला. पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू की. लूट के खुलासे के लिए दो टीमें लगाई गई थीं. टीम ने शहर भर में 500 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले. फुटेज व सर्विलांस टीम की मदद से गंगा खेड़ा अंडरपास के पास से कृष्णानगर के अलीनगर सुनहरा निवासी शुभम राजपूत को गिरफ्तार किया गया. उसके कब्जे से लूटी हुई चेन, एक मोबाइल फोन व घटना में प्रयुक्त बाइक कब्जे में ले ली गई.

पत्नी मांग रही थी चेन: लूट के बारे में जब उससे पूछताछ हुई तो हैरान करने वाली कहानी सामने आई. इंस्पेक्टर कृष्णानगर पीके सिंह के मुताबिक पूछताछ में शुभम ने बताया कि उसकी पत्नी सिपाही है। इस समय वह अयोध्या में तैनात है. वह अपनी पत्नी की चेन पहनता था. चेन का कुंडा ढीला होने के कारण उसने निकालकर जेब में रख ली थी. वह मंदिर दर्शन करने गया था, जहां चेन गिर गई थी. पत्नी अपनी चेन मांग रही थी। उसे चेन लौटाने के लिए चेन लूट ली.

घाटा होने पर ज्वैलर्स की दुकान बंद कर दी: डीसीपी दक्षिणी निपुण अग्रवाल ने बताया कि आरोपित शुभम पहले एक ज्वैलर्स की दुकान पर सेल्समैन था. वर्ष 2019 में कृष्णानगर स्थित यातायात पार्क के पास ज्वैलर्स की दुकान खोल ली. घाटा होने पर कुछ समय बाद उसने दुकान बंद कर दी थी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *