UP के सुल्तानपुर में एक वकील की गोली मारकर हत्या कर दी गई. वह खेत पर सिंचाई का काम कर रहे थे. तभी कुछ बदमाश आए और उनकी कनपटी पर गोली मार दी. गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़े. मौके पर ही उनकी मौत हो गई. काफी देर तक घर न पहुंचने पर परिजन ढूंढते हुए खेत पहुंचे, जहां वकील का शव खून से लथपथ मिला.
परिवार वालों ने जमीन के विवाद में गांव के ही व्यक्ति पर हत्या का आरोप लगाया है. मृतक महेंद्र कुमार मौर्या स्थानीय तहसील में वकील थे. वह मरूई किशुनदासपुर के रहने वाले थे. पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है. घटना रविवार देर रात 11 बजे की अखंड नगर थाना क्षेत्र की है.

महेंद्र की मौत के बाद उनके घर वालों का रो-रोकर बुरा हाल है. पड़ोस की महिलाएं उनकी पत्नी को ढांढस बंधा रही हैं.
वकील महेंद्र कुमार मौर्या (42) के भाई सीताराम मौर्या ने बताया, रविवार शाम करीब 6 बजे वह घर से खेत की सिंचाई करने निकले थे. 10 बजे तक घर आने की बात कही थी. मगर काफी देर होने पर भी नहीं लौटे. हम लोग उनका खाने पर इंतजार कर रहे थे. जब महेंद्र 11 बजे तक भी घर नहीं आए तो हम लोग उन्हें देखने खेत पर पहुंचे. वहां उनका शव खून से लथपथ जमीन पर पड़ा मिला. उनके सिर से खून निकल रहा था. गांव के राजाराम पाल पर परिजनों ने केस दर्ज करवाया है. राजाराम पाल के साथ जमीनी विवाद चल रहा था. 1 महीने पहले उसने जान से मारने की धमकी भी दी थी.
वकील बोले- 2 दिन तक नहीं होगा न्यायिक कार्य: महेंद्र की हत्या की खबर मिलते ही वकील भड़क उठे. अधिवक्ता समाज ने सोमवार सुबह कादीपुर बार एसोसिएशन में शोक सभा का आयोजन किया गया है. अधिवक्ताओं ने दो दिन तक न्यायिक कार्य से दूर रहने का फैसला लिया है. बार एसोसिएशन के सचिव अखिलेश उपाध्याय ने कहा- यह घटना बेहद निंदनीय है. महेंद्र के परिवार परिवार को सुरक्षा दी जाए। इसके साथ ही हम मुआवजा और परिवार के 1 सदस्य को सरकारी नौकरी दिए जाने की मांग करते हैं. सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए.
वकील महेंद्र के 2 बेटे-बेटियां वकील: महेंद्र मौर्या के 2 बेटे और 2 बेटियां हैं. 1 बेटी की शादी हो चुकी है जबकि 3 बच्चे अभी पढ़ाई कर रहे हैं. उनके परिवार में पत्नी शकुंतला मौर्या, दो बेटे अजय व प्रभात के अलावा बेटी रंजना (विवाहित) और भावना हैं. महेंद्र दो भाई थे, जिसमें सीताराम मौर्या बड़े हैं.
SP बोले- हत्या की वजह अभी साफ नहीं: पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने बताया, वकील की हत्या के मामले में परिजनों ने शिकायत दर्ज करवाई है. उनकी कनपटी पर गोली लगी है. हत्या की वजह अभी साफ नहीं है. पुलिस की कई टीमों को घटना की जांच में लगाया गया है. जल्दी ही घटना का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी.
















Leave a Reply