इटावा में ब्राह्मण बनकर गए यादव कथावाचक की जमकर पिटाई: सिर मुंडवाया, महिला के पैरों पर नाक रगड़वाई

Spread the love

इटावा में ब्राह्मणों ने यादव कथा वाचक की चोटी काटकर सिर मुंडवा दिया. महिला के पैर पर नाक रगड़वाई. कथावाचक के साथी से भी मारपीट कर उसका सिर मुंडवा दिया और हारमोनियम भी तोड़ दी. साइकिल के पंप से गाड़ी में हवा भरवाई. आरोपियों ने कहा कि ब्राह्मणों के गांव में ब्राह्मण बनकर भागवत पाठ करने की हिम्मत कैसे की.

घटना 22 जून की है, इसका वीडियो आज सामने आया है जिसमें कुछ लोग कथावाचक मुकुट मणि और उनके साथी के साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं. मामला बकेवर थाना क्षेत्र के दादरपुर गांव का है। कथावाचक ने कहा कि यादव होने की वजह से मेरे साथ मारपीट की गई है.

इटावा में दबंगों ने एक कथावाचक की चोटी काटी. उनका सिर भी मुंडवा दिया.

कथा वाचक मुकुट मणि सिंह यादव कानपुर के रहने वाले हैं. इटावा में सिविल लाइन के जवाहरपुरा राजा का बाग में रहते हैं. संत सिंह यादव अछल्दा औरैया और श्याम कठेरिया बकेवर के साथ मिलकर भागवत पाठ करते हैं.

मुकुट मणि सिंह ने बताया- दादरपुर गांव के पप्पू बाबा ने 21 से 27 जून तक भागवत कथा की बुकिंग कराई थी. पहले ही दिन देर शाम भोजन करते वक्त पप्पू बाबा ने मुझसे मेरी जाति पूछी. जब मैंने बताया कि मैं यादव बिरादरी से हूं, तो उन्होंने मुझ पर दलित होने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि ब्राह्मणों के गांव में भागवत पाठ करने की हिम्मत कैसे की.

गांव वालों के जूतों पर नाक रगड़वा माफी मंगवाई: मुकुटमणि ने कहा कि पप्पू बाबा के साथ अतुल, डीलर, मनीष और लगभग 50 अज्ञात लोगों ने मुझे लात-घूसे, जूते और चप्पलों से पीटा. गांव वालों के सामने मेरा सिर मुंडवाया गया. परीक्षित (यजमान) बनी महिला के पैरों में जबरन नाक रगड़वाई गई. गांव के बच्चों, महिलाओं और पुरुषों के जूतों पर सिर रखकर माफी मंगवाई गई. 25 हजार रुपए और एक सोने की चेन छीन ली. मुझे बेइज्जत करके गांव से भगा दिया गया. मेरा सारा सामान अभी भी उनके कब्जे में है.

पीड़ित कथावाचक ने मारपीट मामले में नामजद के अलावा 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ भी तहरीर दी है.

सांसद के साथ जाकर SSP से की शिकायत: कथा वाचक मुकुट मणि ने सोमवार को सपा सांसद जीतेन्द्र दोहरे के साथ एसएसपी से मिलने पहुंचे. आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की. SSP के आदेश पर कोतवाली में अतुल, मनीष, पप्पू बाबा और डीलर पर नामजद और 50 अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया.

SSP बोले- जल्द ही आरोपी पकड़े जाएंगे: SSP बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बकेवर थाना प्रभारी को तत्काल आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएंगी. जल्द ही दोषियों की गिरफ्तारी कर कठोर कार्रवाई की जाएगी.

सपा सांसद बोले- भागवताचार्य के साथ हुआ व्यवहार अमानवीय: सपा सांसद जितेंद्र दोहरे ने बताया भागवताचार्य और उनके सहयोगियों के साथ जो व्यवहार किया गया, वह अमानवीय और संविधान के खिलाफ है. सांसद ने कहा कि एसएसपी इटावा से मिलकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो सपा इस मुद्दे को संसद में उठाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *