पोस्ट ऑफिस ठगी की मास्टर माइंड महिला टीचर अरेस्ट, फर्जी रसीदें थमाकर हड़पे थे 40 लाख

Spread the love

पुनीत शुक्ला, कानपुर।
पोस्ट ऑफिस में पैसे जमा कराने के नाम पर लोगों से करीब 40 लाख की ठगी करने वाली सरकारी टीचर को अनवरगंज पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. टीचर इतनी शातिर थी कि लोगों से ठगी करने के बाद पति से तलाक लिया और नजीराबाद निवासी दूसरे युवक के साथ रहने लगी थी. एक साल पहले उसकी महोबा स्थित सरकारी स्कूल में नौकरी लग गयी थी. आरोपी महिला पोस्ट में एजेंट थी, उसने अपने पति और सास के साथ मिलकर ठगी की. बीती 4 जनवरी को पुलिस पति को जेल भेजा था.

सितंबर 2025 में अनवरगंज में दर्ज हुई थी FIR: लाटूश रोड निवासी विनीता सोनकर ने सितंबर 2025 में अनवरगंज थाने में एफआईआर दर्ज कराते हुए बताया था कि उनके पति सौरभ सोनकर नारायणपुरवा निवासी एजेंट प्रदीप अवस्थी व उनकी पत्नी नीलम अवस्थी के जरिए पोस्ट ऑफिस में किस्त जमा करते थे. प्रदीप की मौत के बाद एजेंट पत्नी नीलम, बेटा आशीष व बहू अनूजा अवस्थी से चार आरडी खाते खुलवाए थे, जिसकी मासिक किस्तें जमा की गई.

विनीता ने बताया कि उनके साथ ही पति ने दो फिक्सिड डिपॉजिट का खाता खुलवाया जिसमें विभिन्न तिथियों में 7.50 लाख रुपए जमा किए थे, जिनकी विधिवत रसीदें आरोपियों ने मुहैया कराई थी. आरडी मैच्योर होने पर 22 जनवरी 2024 को आरोपियों ने एक चेक दिया, जो बैंक में लगाने पर बाउंस हो गया. शिकायत करने पर आशीष ने गलत चेक जारी होने की बात नई 10 लाख की चेक दी, जो दोबारा बाउंस हो गई.

आरोपी पति को पुलिस ने भेजा था जेल

पोस्ट ऑफिस जाकर पता किया सामने आया कि 29 फरवरी 2020 तक मात्र 1.50 लाख रुपए जमा किए थे, इसके बाद की सभी रसीदें फर्जी निकली. विरोध करने पर आरोपी आशीष ने शीघ्र ही भुगतान कराने को कहा, भुगतान न होने पर कैश रकम देने की बात कही. बताया कि 10 मई 2024 को आशीष, अनूजा समेत कई लोग उनके पति के ऑफिस पहुंचे और जातिसूचक गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी देकर आफिस में तोड़फोड़ की.

जिस पर पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी. डीसीपी सेंट्रल अतुल श्रीवास्तव ने बताया कि सास, बहू और बेटे पोस्ट ऑफिस में पैसा जमा कराने के नाम पर लोगों से ठगी करते थे और उन्हें फर्जी रसीदें, पासबुक थमा देते थे। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने कई लोगों से इसी तरह करीब 40 लाख की ठगी की है. मुकदमा दर्ज होने के बाद से आरोपी करीब एक साल से फरार चल रहे थे.

28 दिन पहले पुलिस ने पति को किया था गिरफ्तार: अनवरगंज इंस्पेक्टर अशोक कुमार दुबे ने बताया कि आरोपी पति आशीष अवस्थी को करीब 28 दिन पहले गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था, जबकि आज आरोपी अनूजा को गिरफ्तार कर लिया गया है. आरोपी महिला आशीष को किस्तें वसूलने के लिए भेजती थी, पूरी रकम हड़पने के बाद अनूजा पति को छोड़ कर नजीराबाद निवासी दूसरे युवक संग रहने लगी थी. अनूजा की महोबा स्थित सरकारी स्कूल में टीचर के पद पर नियुक्ति हो गई थी, उसे जेल भेजा जा रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *