UP के मुजफ्फरनगर में सोमवार सुबह कार में एक महिला समेत 6 लोग जिंदा जल गए. हाईवे पर 120 की रफ्तार में ऑरा कार पहले बिजली के पोल से टकराई. फिर डिवाइर तोड़ते हुए दूसरे लेन में जाकर पलट गई.
कार हरियाणा से मुजफ्फरनगर की तरफ आ रही थी. कार में कुल 6 लोग सवार थे. सभी हरियाणा के जींद के रहने वाले हैं. हरिद्वार जा रहे थे. टक्कर इतनी भीषण थी कि बिजली के पोल के 2 टुकड़े हो गए. डिवाइडर का 10 मीटर हिस्सा चकनाचूर हो गया.
देखते ही देखते कार धू-धू कर जलने लगी. आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं। हादसा जिला मुख्यालय से करीब 25 किमी दूर पानीपत-खटीमा नेशनल हाईवे पर तितावी थाना क्षेत्र के जग्गाहेड़ी के पास सुबह 5 बजे हुआ.
सिर्फ कंकाल बचे थे: राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. गेट तोड़ा तो अंदर लोगों के सिर्फ कंकाल बचे थे. पुलिस ने उन्हें बैग पर भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा.
किसी को कार के पास पहुंचने तक का मौका नहीं मिला: प्रत्यदर्शियों ने बताया कि कार की रफ्तार बहुत तेज थी. अचानक कार डगमगाने लगी और पलट गई. फिर उससे धुआं उठा और आग लग गई. आग ने इतनी जल्दी भयानक रूप लिया कि किसी को कार के पास पहुंचने तक का मौका नहीं मिला.
शायद कार पलटने की वजह से अंदर बैठे लोग ज्यादा घायल हो गए थे, इसलिए वो बाहर निकलने की कोशिश भी नहीं कर पाए. हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया. भीड़ में किसी ने डायल 112 पर फोन किया. पुलिस फायर ब्रिगेड के साथ पहुंची.
मृतकों की पहचान अब तक नहीं हो पाई है: दमकलकर्मियों ने जब आग पर काबू पाया तो कार पूरी तरह से जल चुकी थी. सिर्फ उसका ढांचा बचा था. अंदर लोगों की बॉडी जलकर अकड़ गई थी. मांस बचा ही नहीं था। सिर्फ हडि्डयां बची थीं. खबर लिखे जाने तक मृतकों की पहचान अब तक नहीं हो पाई थी.
















Leave a Reply