कानपुर दक्षिण के हनुमंत विहार के संजय गांधी नगर में रविवार देर रात पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया. आरोप है कि छोटे भाई ने ईंट से कुचलकर बड़े भाई की हत्या कर दी. इसके बाद शव को पड़ोस के खाली प्लाट में फेंककर फरार हो गया. सोमवार सुबह शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई.
मृतक की पहचान 40 वर्षीय आनंद सिंह उर्फ रगडू के रूप में हुई है. वह संजय गांधी नगर में रहता था. उसका छोटा भाई प्रियम सिंह पत्नी रानी और 15 वर्षीय बेटी शीतल के साथ रहता है. बताया गया कि रविवार देर रात दोनों भाइयों के बीच नशे की हालत में पारिवारिक विवाद हो गया. देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया. आरोप है कि प्रियम ने ईंट से कुचलकर आनंद की हत्या कर दी और शव को सचिन कुमार पाल के खाली प्लाट में फेंक दिया.
मोहल्ले वालों का आरोप है कि मारपीट के दौरान प्रियम की पत्नी रानी और बेटी शीतल ने भी आनंद को घसीटकर पीटा. वारदात से पहले घर के बाहर लगा सीसीटीवी कैमरा भी बंद कर दिया गया था. सोमवार सुबह खाली प्लाट में शव पड़ा देखकर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची हनुमंत विहार पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने रानी और शीतल को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि मुख्य आरोपित प्रियम फरार है.
फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस उसकी तलाश के साथ ही मामले की जांच कर रही है.
















Leave a Reply