कानपुर देहात में दीपावली की रात ससुर ने अपनी बेटी के साथ मिलकर दामाद की हत्या कर दी. दामाद अपनी पत्नी और 12 साल के बेटे को घर ले जाने आया था। पत्नी ने मना किया तो भड़क गया.
दोनों के बीच विवाद होने लगा। बात गाली-गलौच और मारपीट तक पहुंच गई. ससुर ने बीच-बचाव किया तो दामाद उन पर भड़क गया. मारपीट करने लगा. तभी पत्नी ने पति को पकड़ लिया.
अचानक ससुर ने सिलबट्टा उठाया और दामाद के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए. उसकी मौके पर ही मौत हो गई. रातभर लाश घर में ही पड़ी रही. सुबह ससुर ने पुलिस को फोन कर मौत की बताई.
पुलिस आई तो बेटे ने पोल खोल दी. बताया कि नाना ने पापा को मारा है. मम्मी पापा को पकड़कर खड़ी थीं. पुलिस ने ससुर और पत्नी को हिरासत में ले लिया है. घटना जिला मुख्यालय से 10 किमी दूर अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के कमीर गांव की है.
शिवली निवासी रिंकू (35) की शादी 15 साल पहले कमीर गांव के शिवनारायण कश्यप (60) की बेटी सुनीता (30) से हुई थी. उसके 4 बेटे अमित (12), सुमित (9), ऋतिक (7) और वतन (5) हैं. वह खेतों में काम करके परिवार को पालता था.
ससुराल में ससुर के अलावा साला और उसकी पत्नी है. पड़ोसियों ने बताया कि सुनीता की तबीयत कई दिनों से ठीक नहीं थी. इसलिए वह 20 दिन पहले मायके आ गई थी. रविवार को रिंकू उसे वापस ले जाने के लिए ससुराल आया.
पड़ोसियों ने बताया- रात 11:30 बजे रिंकू और सुनीता के बीच विवाद शुरू हुआ. इसके बाद शिवनारायण ने बीच-बचाव किया. इससे रिंकू और भड़क गया. ससुर-दामाद के बीच हाथापाई होने लगी. देर रात तक चीखने-चिल्लाने की आवाज आती रही. सुबह जब पुलिस आई तब पता चला कि मर्डर हो गया है.
बेटे ने बताया- नाना ने पी थी शराब, पापा को मार डाला: मृतक 12 साल के बेटे अमित ने बताया कि पहले मम्मी-पापा के बीच लड़ाई हुई. फिर पापा और नाना के बीच बहस हुई. इसके बाद नाना शराब पीने चले गए. फिर आए तो झगड़ा करने लगे. मामी और मामा ने बहुत समझाया, चुप रहने को कहा, लेकिन कोई चुप नहीं हुआ. नाना ने सिलबट्टे से पापा को मारा. मम्मी ने पापा को पकड़ रखा था. पापा गिर गए. फिर उठे नहीं.
थाना प्रभारी हरमीत सिंह ने बताया- “पति-पत्नी के बीच विवाद के दौरान ससुर ने हमला किया. दामाद की मौत हो गई. ससुर ने फोन कर दामाद की मौत की जानकारी दी. नाती के बयान के आधार पर बाप-बेटी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.”
















Leave a Reply