नोएडा में वेलेंटाइन-डे के दिन प्रेमी ने प्रेमिका की कार में हत्या कर दी, फिर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली. आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. देखा तो कार अंदर से लॉक थी. इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी.
पुलिस ने टाटा अल्ट्रोज कार का शीशा तोड़कर देखा, तो आगे की सीट पर दोनों के शव पड़े थे. दोनों के सिर में गोली लगी थी. युवक के हाथ में पिस्टल थी. बगल में दो खोखे पड़े थे. प्रेमी-प्रेमिका 13 फरवरी से घर से लापता थे.
26 साल की प्रेमिका रेखा नोएडा के सलारपुर की रहने वाली थी, जबकि प्रेमी सुमित (32) दिल्ली के त्रिलोकपुरी का रहने वाला था. वह मंडल स्तर का क्रिकेटर था। बताया जा रहा है कि दोनों का 15 साल से अफेयर चल रहा था. शादी करने वाले थे, लेकिन किसी बात को लेकर दोनों में झगड़ा हो गया.
इसके बाद 13 फरवरी को सुमित ने रेखा को मैसेज भेजा- मैं मरने जा रहा हूं. इसकी जिम्मेदार रेखा है. वह मेरे साथ 15 साल रही. वादा किया था कि मुझसे शादी करेगी, लेकिन अब वह किसी और से शादी करने जा रही. मुझे रेखा ने धोखा दिया है. इसलिए मैं सुसाइड कर रहा हूं.
इसके बाद वह कार लेकर घर से लापता हो गया. लड़की भी घर से गायब हो गई। उसके घरवालों ने शुक्रवार को नोएडा के सेक्टर-58 थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी. आज दोपहर डेढ़ बजे दोनों के शव थाना सेक्टर-39 क्षेत्र में मिले.
चचेरे भाई बोले- प्रेमिका के लिए 1 करोड़ का फ्लैट खरीदा था: सुमित के पिता राजीव दिल्ली एमसीडी (दिल्ली नगर निगम) में हेल्थ इंस्पेक्टर की नौकरी करते हैं. रेखा और सुमित की स्कूलिंग साथ हुई थी. रेखा का सुमित के घर आना-जाना था। चचेरे बड़े भाई सचिन का कहना है कि सुमित क्रिकेट के साथ पानी का प्लांट भी चलाता था. सुमित ने रेखा के लिए एक फ्लैट भी खरीदा था, जिसकी कीमत करीब 1 करोड़ रुपए बताई जा रही.
‘घरवालों ने लड़की को बेटे के खिलाफ भड़काया’: भाई ने बताया- रेखा और सुमित का 15 साल से अफेयर चल रहा था. दोनों जल्द शादी करने वाले थे. लड़की के घरवालों ने उसे सुमित के खिलाफ भड़का दिया था. इसके बाद दोनों के बीच कहासुनी हो गई थी.
प्रेमिका को मैसेज भेजा, फिर घर से लापता हुआ’: सचिन ने बताया- सुमित ने कल दोपहर 3:39 बजे लड़की के मोबाइल पर मैसेज भेजा था, जिसमें लिखा कि वह आत्महत्या करने जा रहा है. इसके बाद वह कार लेकर घर से निकल गया. रात तक वापस नहीं आया. घरवालों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं चला. आज दोपहर खबर मिली कि उसका शव मिला है.
पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा. कार (DL 14 CL 6473) को कब्जे में ले लिया गया है. फोरेंसिक टीम ने भी सबूत जुटाए हैं. थाने में युवक के घरवाले पहुंचे. उनसे पूछताछ की गई.
















Leave a Reply