फतेहपुर के ललौली में घर के अंदर सिलेंडर विस्फोट, भीषण आग में 4–5 लोग गंभीर रूप से झुलसे

Spread the love

रिजवान उददीन,फतेहपुर।
फतेहपुर जिले के ललौली थाना क्षेत्र के बहुआ कस्बा में सोमवार शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक मकान में LPG सिलेंडर फटने से भीषण आग लग गई. हादसा शाम करीब 4 बजे हुआ.

प्राप्त जानकारी के अनुसार यह घटना डॉ. जमील अहमद कुरैशी के घर में हुई जहां घर के भीतर ही यूनानी दवाओं से जुड़ी गतिविधि संचालित की जा रही थी. अचानक हुए सिलेंडर विस्फोट के बाद आग ने पूरे तीन मंजिला मकान को अपनी चपेट में ले लिया. इस दर्दनाक हादसे में चार से पांच लोग गंभीर रूप से झुलस गए.

विस्फोट इतना तेज था कि आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में घरों से बाहर निकल आए. स्थानीय ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए कड़ी मशक्कत कर आग बुझाने का प्रयास किया और बड़ी अनहोनी को टालने में अहम भूमिका निभाई. घटना की सूचना मिलते ही ललौली पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया.

इसके साथ ही उत्तर प्रदेश अग्निशमन एवं आपात सेवा की टीम भी मौके पर पहुंच गई और आग पर काबू पाने का कार्य शुरू किया. फिलहाल मौके पर राहत एवं बचाव कार्य जारी है. प्रशासन द्वारा पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है और विस्फोट के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *