कानपुर देहात में युवक की पीट-पीटकर हत्या: पड़ोसी बाप-बेटियों ने लोहे की रॉड से मारा, 50 मीटर घसीटा

Spread the love

कानपुर देहात में युवक की जमीन के विवाद में पीट पीटकर हत्या कर दी गई. पिटाई का भी वीडियो सामने आया है जिसमें तीन महिलाएं और दो पुरुष घर के बाहर गली में युवक को लाठी डंडों से पीटते नजर आ रहे हैं. जब युवक मरणासन्न हालत में चला गया तो एक आरोपी उसके गले में रस्सी बांधकर उसे घसीटता नजर आया.

परिवार के लोगों ने उसे आनन फानन में उठाकर सीएचसी भिजवाया जहां से उसे कानपुर के हैलेट रेफर कर दिया गया. सुबह 5 बजे उसने दम तोड़ दिया. वारदात बीती रविवार की रात करीब 11:30 बजे जिला मुख्यालय से करीब 30 किमी दूर शिवली थाना क्षेत्र की है.

शिवली थाना क्षेत्र के जुरावरपुर गांव में रामसनेही (28) पुत्र शिवकुमार रहते थे. उनकी शादी हो चुकी थी. पत्नी ममता मायके में रह रही हैं. आरोप है कि परिवार के ही रामस्वरूप के साथ उनका मकान की दीवार को लेकर पुराना विवाद चल रहा था. रामसनेही खुद का ई रिक्शा चलाता था.

गांव के लोग बचाने की हिम्मत नहीं जुटा सके: बहन रजनी ने बताया- रविवार की रात करीब 11:30 बजे मेरे भाई को रामस्वरूप, उसकी पत्नी रामकुमारी, बेटी तन्नू, रीना व प्रिया और बेटा अंकुश मेरे भाई के साथ पहले गाली गलौज की. इसके बाद जब भाई ने विरोध किया तो उसके साथ मारपीट करने लगे. इसके बाद उसे घसीटकर गली में ले गए जहां लोहे की पाइप से उसके सिर और पैर पर ताबड़तोड़ वार किए गए. शोर शराबा सुनकर गांव के लोग मौके पर पहुंचे लेकिन कोई बचाने की हिम्मत नहीं जुटा पाया.

आधे घंटे तक लोहे की रॉड से पीटत रहे: इस दौरान करीब आधे घंटे तक आरोपी मेरे भाई को पीटते रहे. इस दौरान वो मरणासन्न हो गए. रामस्वरूप ने भाई के गले में रस्सी बांधकर उसे पकड़े रहे. इस दौरान बाकी लोग उसे पीटते रहे। बाद में रस्सी के सहारे उसे 50 मीटर तक घसीटकर प्लॉट में फेंक दिया.

रजनी के मुताबिक, पिता बुजुर्ग हैं, लिहाजा वो भाई को बचा नहीं पाए. वो गांव के लोगों को बुलाकर लाए, तब भीड़ को देख आरोपी फरार हो गए. इसके बाद पुलिस गांव वालों की मदद से उसे शिवली सीएचसी लेकर गई. प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर कर दिया. सोमवार की सुबह 5 बजे रामसनेही ने दम तोड़ दिया.

हाथ की अंगुलियां फटी, सिर फूटा: बहन के मुताबिक, वीडियो में दिख रहा है कि मेरे भाई को जानवरों की तरह पीटा गया है. उसका सिर और हाथ की अंगुलियां भी फट गई हैं. पूरे शरीर पर लोहे की पाइप से पीटने के निशान काले पड़े गए हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *