सजेती में CRPF जवान के पिता की संदिग्ध हालात में मौत, जोधपुर से पहुंचा बेटा; जताई आशंका

Spread the love

कानपुर के सजेती में गुरुवार देर रात CRPF जवान के 63 वर्षीय पिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. जोधपुर में तैनात बेटे उदयवीर को फोन पर पिता की मौत की सूचना दी गई. वह देर रात घर पहुंचा तो पिता का शव देखकर रो पड़ा. उसे घटना पर संदेह हुआ, जिसके बाद उसने डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी.

मामले की जानकारी मिलते ही सजेती थाने की पुलिस और फॉरेंसिक टीम हरिरामऊ गांव पहुंची. टीम ने घटनास्थल की जांच की और मौत की वजह स्पष्ट करने के लिए शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. फिलहाल पुलिस को मौत का कारण पता नहीं चल सका है.

दोपहर में हुई थी पिता से फोन पर बात: हरिरामऊ निवासी उदयवीर CRPF में जोधपुर में तैनात हैं. परिवार में उनके पिता भगुनाथ (63) थे. कुछ समय पहले बीमारी के चलते उनकी मां की मौत हो गई थी. उदयवीर की पत्नी पिंकी देवी और बच्चे भी परिवार में हैं.

उदयवीर ने बताया कि गुरुवार दोपहर उनकी पिता से फोन पर बात हुई थी. देर रात पत्नी ने फोन कर बताया कि पिता की अचानक तबीयत बिगड़ गई थी. उन्हें अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई.

घर पहुंचने पर जताया संदेह: सूचना मिलने के बाद उदयवीर जोधपुर से घर के लिए रवाना हो गए. घर पहुंचकर पिता का शव देखने के बाद उन्हें मौत की परिस्थितियों पर संदेह हुआ. इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी.

मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच-पड़ताल की. पुलिस ने जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह: सजेती थाना प्रभारी अनुज भारती ने बताया कि भगुनाथ के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. अभी मृत्यु की वजह स्पष्ट नहीं है. रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *