फतेहपुर में भाई-बहन के शव सोप्टिक टैंक में मिलने से सनसनी, जांच में जुटी पुलिस

Spread the love

रिजवान उददीन, फतेहपुर।
यूपी के फतेहपुर जिले के राधा नगर थाना क्षेत्र के बड़नपुर गांव में सगे भाई-बहन का शव पड़ोसी के सोप्टिक टैंक में मिलने से हड़कंप मच गया. दोनों मासूमों के शव मिलने के बाद गांव में सनसनी फैल गई. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.

जानकारी के मुताबिक ईंट भट्ठे पर मजदूरी करने वाले राजेश की 7 वर्षीय बेटी शिवाँसी और 5 वर्षीय बेटा सुंदरम मंगलवार शाम से लापता थे. घर पर दोनों बच्चे नहीं मिलने पर परिजनों ने आसपास खोजबीन शुरू की, लेकिन देर शाम तक उनका कोई सुराग नहीं लगा। इसी बीच पड़ोसी ने आकर सूचना दी कि दोनों बच्चे उसके सोप्टिक टैंक में मृत पड़े हैं.

ग्रामीणों की मदद से बच्चों के शव टैंक से बाहर निकाले गए और पुलिस को सूचना दी गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

मृतक बच्चों के पिता राकेश ने बताया कि उसकी पत्नी पानी भरने गई थीं और दोनों बच्चे भी साथ थे. उन्होंने बच्चों को डांटकर घर की ओर भेज दिया था, लेकिन उसके बाद दोनों कैसे टैंक तक पहुंच गए, इसकी जानकारी नहीं है. वहीं बच्चों की बुआ आरती ने आशंका जताई कि यह हादसा भी हो सकता है या फिर किसी ने बच्चों को टैंक में फेंका हो, इसकी जांच होनी चाहिए.

थाना प्रभारी विनोद कुमार मौर्य ने बताया कि प्रारंभिक जांच में प्रतीत होता है कि बच्चे पानी भरते समय सोप्टिक टैंक में गिर गए, जिससे उनकी मौत हो गई. हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी. फिलहाल परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *