सेठ मोतीलाल खेड़िया स्कूल के पास दर्दनाक हादसा, दो स्कूटी सवार नाबालिगों की मौत

Spread the love

पुनीत शुक्ला, कानपुर।
कानपुर में तेज रफ्तार कंक्रीट मिक्चर ट्रक ने स्कूटी सवार दो दोस्तों को कुचल दिया. हादसे में दोनों की मौत हो गई. रोजा इफ्तार के बाद पिता तरावीह पढ़ने चले गए और बेटा दोस्त के साथ स्कूटी लेकर निकला.

इस दौरान नवाबगंज में गंगा बैराज को जाने वाली सड़क पर सेठ मोतीलाल खेड़िया स्कूल के पास कंक्रीट मिक्चर ट्रक ने दोनों को कुचल दिया. दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. कोहना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को हैलट भेजा, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया. रमजान में बेटे की मौत की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया.

दोनों रोजा रखे थे, इफ्तार के बाद घर से निकले थे: मृतकों की पहचान मोहम्मद अहमद (16) और मोहम्मद अर्श (15) निवासी प्रेमनगर, चमनगंज के रूप में हुई है. अहमद और अर्श दोनों रोजा रखे हुए थे. इफ्तार करने के बाद घर से निकले थे. अहमद के पिता इकबाल अहमद ने बताया- बेटा कैंट स्थित बिलबोंग स्कूल में 7वीं की पढ़ाई कर रहा था. हमारी बेकन गंज में रेडीमेड कपड़े की दुकान है.

परिजनों ने बताया कि ये हलीम कॉलेज में तरावीह पढ़ने की बात कह के निकले, लेकिन ये गंगा बैराज चले गए. वहां से लौटते समय ये हादसा हुआ. पिता इकबाल ने कहा- अहमद दूसरे नंबर का बेटा था. सबसे बड़ी बेटी स्वालेहा है. छोटा बेटा 10 साल का जायद है. दो साल की बेटी अनायजा है. वहीं, अर्श के पिता फरद इजहार ने बताया- मेरा इकलौता बेटा अर्श था, वो भी छिन गया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *