कॉमेडियन अन्नू अवस्थी कानपुर की सीसामऊ सीट से चुनाव लड़ेंगे, 50 गाड़ियों के काफिले के साथ निकाली ‘देव यात्रा’

Spread the love

कानपुर के कॉमेडियन अन्नू अवस्थी ने सीसामऊ सीट से चुनाव लड़ने का ऐलान किया. कहा- हम वहां हंसा-हंसा कर जीतेंगे और जनता को हंसाएंगे। इसको लेकर अन्नू अवस्थी ने रविवार को मित्र मिलन और देव यात्रा निकाली. दोपहर 3 बजे करीब 16 किलोमीटर की यात्रा में 50 से ज्यादा गाड़ियों का काफिला शामिल रहा.

अन्नू के साथ सांसद रमेश अवस्थी और फिल्म अभिनेत्री दीप्ती जोशी भी मौजूद रहीं. अन्नू अवस्थी ने कहा कि देव दर्शन से नई शुरुआत कर रहे हैं. सीसामऊ से मेरा पुराना नाता है। बता दें, सीसामऊ से नसीम सोलंकी विधायक हैं. अगले चुनाव में भी सपा नसीम को ही मैदान में उतार सकती है.

खुली जीप में सवार हुए अन्नू अवस्थी और दीप्ती जोशी: अन्नू अवस्थी ने रविवार दोपहर करीब 3 बजे लाजपत नगर स्थित कर्फ्यू कार बाजार से देव यात्रा शुरू की. यात्रा शुरू होने से पहले अन्नू की बेटी वंशिका ने उनका तिलक किया. इसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें कंधे पर उठाकर खुली जीप तक पहुंचाया.

इस दौरान सांसद रमेश अवस्थी जिंदाबाद और अन्नू अवस्थी जिंदाबाद के नारे लगाए गए. अन्नू अवस्थी खुली जीप में सवार हुए। उनके साथ सांसद रमेश अवस्थी और टीवी अभिनेत्री दीप्ती जोशी भी जीप में सवार हुईं.

करीब 50 गाड़ियों के काफिले के साथ यात्रा गुमटी, दर्शनपुरवा और देवनगर होते हुए डिप्टी पड़ाव पहुंची. यहां चंद्रिका देवी मंदिर में दर्शन करने के बाद यात्रा सीसामऊ बाजार स्थित वनखंडेश्वर मंदिर पहुंची.

अन्नू अवस्थी ने मंदिर में पूजा-अर्चना की. इसके बाद यात्रा चुन्नीगंज की ओर रवाना हुई. करीब 16 किलोमीटर की इस यात्रा में लोग भगवा और तिरंगा झंडे लेकर चल रहे थे. गोल्डन बाबा उर्फ मनोजानंद महाराज भी यात्रा में शामिल रहे. रास्ते में समर्थकों और लोगों ने अन्नू अवस्थी का स्वागत किया.

जीप में अन्नू अवस्थी के साथ उनकी पत्नी, फिल्म अभिनेत्री दीप्ती जोशी और सांसद रमेश अवस्थी भी सवार हुए.

अन्नू अवस्थी की पत्नी को फिल्म अभिनेत्री दीप्ती जोशी ने माला पहनाई.

देव यात्रा में 50 से ज्यादा गाड़ियों का काफिला शामिल रहा.

हंसा-हंसा कर जीतेंगे और जनता को हंसाएंगे : यात्रा के दौरान अन्नू अवस्थी ने कहा- देव दर्शन के साथ नई शुरुआत कर रहे हैं. सीसामऊ से अपने पुराने जुड़ाव का जिक्र करते हुए कहा कि मेरा जन्म इसी इलाके में हुआ है. वनखंडेश्वर मंदिर से भी मेरा जुड़ाव रहा है. इस क्षेत्र से लोग रो-रोकर जीते थे। अब उनकी राह बहुत कठिन हो गई है. हम यहां हंसा-हंसा कर जीतेंगे और जनता को हंसाएंगे.

अन्नू अवस्थी ने कहा- क्षेत्र की जनता ने मुझे जितना प्यार, मान-सम्मान दिया है. अब वह मेरे लिए भगवान हो गए हैं. आज से हम सीसामऊ की जनता के भक्त हो गए हैं. जब तक जिंदा रहेंगे, तब तक सीसामऊ क्षेत्र की जनता के लिए काम करते रहेंगे.

सांसद रमेश अवस्थी ने कहा- फिल्म एक्टर और कानपुर के दिलों में रहने वाले हमारे भाई अन्नू अवस्थी ने देव दर्शन यात्रा निकाली. इसमें मुझे भी आमंत्रित किया गया था, इसलिए मैं यहां पहुंचा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *