अरौल में हाईवे किनारे पेड़ से लटका मिला शव, शर्ट से फंदा लगाकर दी जान; दस्तावेजों-मोबाइल से शिनाख्त

Spread the love

कानपुर के अरौल में मंगलवार सुबह राहगीरों ने नीम के पेड़ से एक व्यक्ति का शव लटका देखा. मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई. कानपुर-अलीगढ़ हाईवे के पास हिंदूपुर रोड पर नीम के पेड़ से लटकता मिला.

सूचना पर पहुंची अरौल पुलिस ने शव को पेड़ से उतरवाकर जांच शुरू की. मृतक की जेब से मिले दस्तावेजों के आधार पर उसकी पहचान छिबरामऊ निवासी राजेश सिंह (42 वर्ष), पुत्र शिवदयाल सिंह के रूप में हुई है.

प्रारंभिक जांच और घटनास्थल के निरीक्षण से पता चला है कि मृतक ने अपनी ही शर्ट फाड़कर फंदा बनाया और नीम के पेड़ से लटक गया. मौके से पुलिस को उनका पर्स, मोबाइल फोन, ट्रेन का टिकट और पहचान पत्र बरामद हुआ है.

पुलिस ने तत्काल मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है और शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. थाना प्रभारी विनय तिवारी ने बताया कि प्राथमिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि परिजनों से पूछताछ के बाद ही घटना के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *