देवगुरु बृहस्पति आज से चलेंगे सीधी चाल, जानें आपकी राशि पर डालेंगे कैसा प्रभाव!

Spread the love

 11 मार्च 2026 यानी आज सुबह 8 बजकर 58 मिनट पर देवगुरु बृहस्पति मिथुन राशि में मार्गी हो जाएंगे, यानी वे सीधी चाल चलना शुरू कर देंगे. ज्योतिष शास्त्र में बृहस्पति का मार्गी होना बहुत शुभ माना जाता है. जब गुरु ग्रह सीधी चाल चलते हैं तो ज्ञान, धन, सुख और समृद्धि में वृद्धि होने की संभावना बढ़ती है. द्रिक पंचांग के अनुसार, आज से लेकर 2 जून 2026 तक बृहस्पति मिथुन राशि में ही मार्गी अवस्था में रहेंगे, इसके बाद वे कर्क राशि में प्रवेश करेंगे.

खास बात यह है कि बृहस्पति पुनर्वसु नक्षत्र में मार्गी हो रहे हैं. पुनर्वसु नक्षत्र 27 नक्षत्रों में सातवां नक्षत्र है और इसे बृहस्पति का ही नक्षत्र माना जाता है. इस नक्षत्र का अर्थ होता है फिर से अच्छा बनाना या नयापन लाना. यह नक्षत्र जीवन में आशा, विकास, धैर्य और आध्यात्मिकता का प्रतीक माना जाता है. इसलिए इस समय कई लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल सकते हैं. तो आइए पंडित प्रवीण मिश्र द्वारा जानते हैं कि बृहस्पति के मार्गी होने का प्रभाव सभी 12 राशियों पर अलग-अलग कैसे पड़ेगा.

मेष राशि: मेष राशि से तीसरे भाव में बृहस्पति गोचर कर रहे हैं. बृहस्पति के मार्गी होने के बाद आपकी मेहनत का फल मिलने लगेगा. जो प्रयास लंबे समय से चल रहे थे, उनमें सफलता मिलने के संकेत हैं. मित्रों का सहयोग मिलेगा और कार्यक्षेत्र में प्रगति के अवसर बढ़ेंगे. सेहत भी ठीक रहेगी और धन की स्थिति मजबूत हो सकती है. बस जल्दबाजी और अहंकार से बचने की सलाह दी जाती है.उपाय: गुरुवार को भगवान विष्णु को पीली मिठाई का भोग लगाकर गरीबों में बांटें.

वृषभ राशि: वृषभ राशि से दूसरे भाव में बृहस्पति मार्गी होंगे. इससे मान-सम्मान में वृद्धि होगी और आर्थिक स्थिति बेहतर हो सकती है. जो लोग संपत्ति खरीदने या बेचने की कोशिश कर रहे थे, उनकी रुकावटें दूर हो सकती हैं. कार्यक्षेत्र में भी लाभ मिलने की संभावना है.उपाय: गुरुवार के दिन फल का भोग भगवान विष्णु को लगाकर जरूरतमंदों को प्रसाद बांटें.

मिथुन राशि: मिथुन राशि में ही बृहस्पति मार्गी होंगे. इस कारण इस राशि के लोगों के लिए यह समय काफी शुभ माना जा रहा है. करियर में आगे बढ़ने के अवसर मिलेंगे और व्यापार में लाभ हो सकता है. लंबे समय से अटके काम भी पूरे होने लगेंगे.उपाय: गुरुवार को गरीबों को चावल, आटा, दाल, नमक और हल्दी का दान करें.

कर्क राशि: कर्क राशि से 12वें भाव में बृहस्पति मार्गी होंगे. इस समय खर्च बढ़ सकता है, इसलिए बजट का ध्यान रखना जरूरी है. सेहत पर भी ध्यान देने की जरूरत होगी, खासकर अगर डायबिटीज या बीपी जैसी समस्या हो. बड़े फैसले परिवार की सलाह से लें.उपाय: गुरुवार को भगवान विष्णु को बेसन के लड्डू और फल का भोग लगाकर गरीबों में बांटें.

सिंह राशि: सिंह राशि से 11वें भाव में बृहस्पति मार्गी होंगे. इससे आय में वृद्धि के अवसर मिल सकते हैं. बेरोजगार लोगों को नौकरी मिलने की संभावना है और निवेश के नए रास्ते भी खुल सकते हैं.उपाय: गुरुवार को भगवान विष्णु को केले या किसी पीले फल का भोग लगाएं.

कन्या राशि: कन्या राशि से 10वें भाव में बृहस्पति मार्गी होंगे. करियर से जुड़े अटके हुए काम पूरे हो सकते हैं. नौकरी की तलाश कर रहे लोगों को अच्छे अवसर मिल सकते हैं और प्रमोशन के योग भी बन रहे हैं.उपाय: प्रतिदिन “ऊं नमो भगवते वासुदेवाय” मंत्र का 108 बार जाप करें.

तुला राशि: तुला राशि से 9वें भाव में बृहस्पति मार्गी होंगे. भाग्य का साथ मिलेगा और रुके हुए काम बनने लगेंगे. उच्च शिक्षा या विदेश से जुड़े प्रयासों में सफलता मिल सकती है. स्वास्थ्य में भी सुधार होगा.उपाय: प्रतिदिन भगवान विष्णु की आरती करके अपने दिन की शुरुआत करें.

वृश्चिक राशि: वृश्चिक राशि से 8वें भाव में बृहस्पति मार्गी होंगे. रिसर्च, शिक्षा और विदेश से जुड़े कामों में लाभ मिल सकता है. अगर कहीं पैसा अटका हुआ था तो वह वापस मिलने की संभावना है.उपाय: गुरुवार को किसी गरीब व्यक्ति को गुड़ का दान करें.

धनु राशि: धनु राशि से 7वें भाव में बृहस्पति मार्गी होंगे. इससे आर्थिक स्थिति मजबूत हो सकती है और काम में अच्छे परिणाम मिल सकते हैं. नौकरी और व्यापार दोनों में प्रगति के संकेत हैं.उपाय: प्रतिदिन ”ऊं नमो भगवते वासुदेवाय” मंत्र का 108 बार जाप करें.

मकर राशि: मकर राशि से 6वें भाव में बृहस्पति मार्गी होंगे. जो लोग कर्ज से परेशान थे, उन्हें राहत मिल सकती है. प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता मिलने की संभावना है और मानसिक तनाव भी कम होगा.उपाय: गुरुवार के दिन किसी जरूरतमंद व्यक्ति को भोजन दान करें.

कुंभ राशि: कुंभ राशि से 5वें भाव में बृहस्पति मार्गी होंगे. आपकी योजनाएं सफल हो सकती हैं और संतान से सुख मिलेगा. शिक्षा के क्षेत्र से जुड़े लोगों को भी लाभ मिल सकता है.उपाय: गुरुवार को बेसन के लड्डुओं का भोग भगवान विष्णु को लगाकर गरीबों में बांटें.

मीन राशि: मीन राशि से चौथे भाव में बृहस्पति मार्गी होंगे. संपत्ति से जुड़े मामलों में लाभ मिलने के योग बन सकते हैं. परिवार के साथ संबंध बेहतर होंगे और मन की चिंता कम हो सकती है.उपाय: प्रतिदिन भगवान विष्णु की आरती करके दिन की शुरुआत करें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *