सनराइजर्स हैदराबाद की सह-मालकिन काव्या मारन एक बड़े विवाद में फंस गई है. उनकी सनराइजर्स फ्रेंचाइजी की एक टीम सनराइजर्स लीड्स ने इंग्लैंड में कुछ ऐसा कर दिया है, जिससे उनकी चौतरफा आलोचना हो रही है. आगामी द हंड्रेड टूर्नामेंट के लिए टीम ने पाकिस्तान के अबरार अहमद को खरीदकर सबको चौंका दिया है. पिछले कुछ समय से आईपीएल से जुड़ी हुई विदेशी टीमों ने पाकिस्तानी प्लेयर्स को किसी भी लीग में नहीं खरीदा है. सनराइजर्स ने उस क्रम को तोड़ दिया.
अबरार इस टूर्नामेंट में किसी भारतीय मालिकाना हक वाली फ्रेंचाइजी द्वारा साइन किए जाने वाले पहले पाकिस्तानी खिलाड़ी बन गए. पाकिस्तान के इस मिस्ट्री स्पिनर ने सनराइजर्स और ट्रेंट रॉकेट्स के बीच बोली की जंग छेड़ दी, जिसके बाद उन्हें 190,000 पाउंड (लगभग 2.34 करोड़ रुपये) में खरीदा गया. काव्या मारन ऑक्शन में मौजूद थीं और उन्होंने ही बोली लगाने की प्रक्रिया में हिस्सा लिया. ऑक्शन के बाद, सनराइजर्स के मुख्य कोच डेनियल विटोरी ने पाकिस्तानी क्रिकेटर को खरीदने के इस कदम के बारे में बात की.
विटोरी ने किया खुलासा: विटोरी ने बीबीसी स्पोर्ट से कहा, ”उनके पास जिस तरह की विविधताएं हैं, वह उन्हें सबसे अलग बनाती हैं. बहुत से खिलाड़ी, खासकर घरेलू खिलाड़ी, उन्हें पहले कभी खेलते हुए नहीं देख पाए होंगे.” न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान ने यह भी कहा कि उन्हें पाकिस्तानी खिलाड़ियों से जुड़ी अटकलों के बारे में पता था, लेकिन उन्होंने यह साफ कर दिया कि उन्हें पाकिस्तानी खिलाड़ियों को साइन न करने के बारे में कोई खास निर्देश नहीं दिया गया था.
विटोरी को आलोचनाओं का अंदाजा था: विटोरी ने आगे कहा, ”हम ऑक्शन में इस सोच के साथ आए थे कि हमारे लिए हर खिलाड़ी उपलब्ध है. जैसे ही यह विकल्प सामने आया, अंतरराष्ट्रीय टीमों के कई बेहतरीन स्पिनर भी विकल्प के तौर पर मौजूद थे, लेकिन अबरार हमारी पहली पसंद थे.” अबरार इस ऑक्शन में बिकने वाले दूसरे पाकिस्तानी खिलाड़ी थे. उनसे पहले एक और मिस्ट्री स्पिनर उस्मान तारिक को बर्मिंघम फीनिक्स ने 140,000 पाउंड (लगभग 1.72 करोड़ रुपये) में खरीदा था. फीनिक्स का IPL से कोई लेना-देना नहीं है.
रऊफ, शादाब और सैम अयूब अनसोल्ड: पाकिस्तान के तेज गेंदबाज हारिस रऊफ, ऑफ-स्पिन ऑलराउंडर सैम अयूब और स्पिनर शादाब खान पहले अनसोल्ड रह गए थे. अनुभवी बाएं हाथ के तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी ने पहले ही खुद को इस ऑक्शन से हटा लिया था. बुधवार को हुए महिलाओं के ‘द हंड्रेड’ ऑक्शन में शामिल पाकिस्तान की सिर्फ दो खिलाड़ी फातिमा सना और सादिया इकबाल अनसोल्ड रह गईं.
















Leave a Reply